जारी है फेसबुक पर फिशिंग हमले
रखनी होगी यूजर्स को सावधानी
क्या आप भी लाखों फेसबुक्स यूजर्स की तरह नए फिशिंग हमलों के शिकार हुए हैं जिससे आपके कंप्यूटर या मोबाइल फोन को नुकसान पहुँचा हो या आपका पासवर्ड चुराया गया हो? अगर नहीं तो डॉट एट या डॉट बी (.at या .be) वाली कोई फाइल न खोलें। हो सकता है ये आपका पासवर्ड चुरा ले।
फिशिंग के हमले स्पैम संदेशो द्वारा किए जा रहे हैं। ये संदेश फेसबुक यूजर्स के बारे में संवेदनशील जानकारी चुरा लेते हैं। फिशिंग हमले में 'हैलो' सब्जेक्ट लाइन वाला एक संदेश सभी यूजर्स को भेजा जा रहा है जिसमें areps.at या .at पर खत्म होने वाले यूआरएल होते हैं।
"लुक एट दिस" ("Look at This") की सब्जेक्ट लाइन वाले मैसेज और goldbase.be, greenbuddy.be, silvertag.be, picoband.be जैसी लिंक्स दुर्भावनापूर्ण वेबसाइट्स की लिंक होती हैं। जब ये वेबसाइट खोली जाती हैं तो कंप्यूटर पर ड्राइव बाय डाउनलोड एप्लिकेशन द्वारा वायरय या मालवेयर इंस्टॉल हो जाते हैं।
यूआरएल कनेक्टिविटी यूजर को नकली फेसबुक पर ले जाती है जिससे उसका मेल आईडी और पासवर्ड चुराया जा सके। एक फेसबुक ब्लॉग के अनुसार, ऐसा होने पर यूजर का तुरंत पासवर्ड बदल देना चाहिए और साथ ही फेसबुक पर अपने मित्रों और परिचितों को भी बता देना चाहिए।
ब्लॉग के मुताबिक जो कोई भी ये फिशिंग संदेश फैला रहा है उसके पास बड़ी संख्या मे ईमेल पते और पासवर्ड हैं। फेसबुक प्रवक्ता के अनुसार वे अपने मोनिटरिंग सिस्टम को अपडेट कर रहे हैं जिससे प्रत्येक फिशिंग हमले का तुरंत पता लागाया जा सके। फेसबुक पर साझा की गई फिशिंग साइट्स को बंद कर दिया गया है और उन्हें ब्लॉक सूची में जोड़ दिया गया है।
बहरहाल फेसबुक में फिलहाल क्लीनिंग का काम युद्धस्तर पर जारी है। बताया जाता है कि साइट से फोनी मैसेज और वॉल पोस्ट भी हटाई जा रही हैं और यूजर्स के पासवर्ड भी बदले जा रहे हैं।