जयपुर, वार्ता। देश में प्रमुख सेल्यूलर प्रदाताओं में से एक वोडाफोन एस्सार ने राजस्थान में 'गो ग्रीन एण्ड सेव ट्रीज' अभियान के माध्यम से एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। एक मैराथन अभियान में ऑनलाइन बिल खोजने की पहल के माध्यम से कंपनी ने 60 हजार से अधिक पृष्ठ कागज बचाने में सफलता प्राप्त की है तथा इसका लक्ष्य अपने संस्थान को कागज रहित संस्थान बनाने का है।
'गो ग्रीन एण्ड सेव ट्रीज' पहल वोडाफोन पोस्टपेड ग्राहकों को आनलाइन मोबाइल बिल के लिए विकल्प चुनकर कागज के उपयोग को घटाने के लिए प्रोत्साहित करता है। वोडाफोन ने राजस्थान में 589 ग्राहकों के साथ अगस्त 2008 में इस अभियान की शुरुआत की थी तथा 10 महीनों के अंदर ही इसके 15000 ग्राहकों ने कागज बचाने की मुहिम में वोडाफोन से नाता जोड़ लिया।
वोडाफोन एस्सार राजस्थान के चीफ ऑपरेटिंग आफिसर राजेश डोंगरे ने कहा कि 'इस अभियान को मिले ग्राहकों के अभूतपूर्व प्रतिसाद से हम रोमांचित हैं। इसका सारा श्रेय हमारे उन पोस्टपेड ग्राहकों को मिलता है जिन्होंने कार्बन फुटप्रिंट को घटाने में हमारी इस पहल का समर्थन किया है।'