विकिपीडिया एक ऐसा मुक्त विश्वकोष है जिसमें दुनियाभर के लोग अपना योगदान देते हैं। आज से 8 साल पहले विकिपीडिया के जनक जिमी वेल्स ने इस ज्ञानगंगा को इंटरनेट पर प्रवाहित किया था। यह परियोजना 15 जनवरी, 2001 को अंग्रेजी में शुरु की गई थी।
विकिपीडिया का 'विकि' शब्द एक ऐसे सॉफ्टवेयर से लिया गया है जिसकी मदद से प्रयोगकर्ता स्वतंत्र रूप से किसी सामग्री को संपादित कर पाते हैं। इसमें कोई भी, किसी भी लेख को तैयार व संपादित कर सकता है। यह सुविधा कुछेक सुरक्षित पृष्ठों को छोड़कर सभी लेखों में मौजूद है।
विकि स्वरूप के कारण लेखों के 'लिंक' को आपस में शब्दों के साथ जोड़ना आसान रहता है, इससे न केवल लेख के बारे मे जानकारी मिलती है, बल्कि उससे जुड़ी अन्य रोचक जानकारियाँ भी विभिन्न लिंक के रूप में उपलब्ध रहती हैं। हालांकि सामान्य लोगों के द्वारा संपादित किए जाने से कई बार इसे आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ता रहा है, पर यह एक ऐसा मंच है जो शिकायत का नहीं, बल्कि शिकायत दूर करने का मौका देता है। अगर आपको कहीं लगे कि इसमें कोई जानकारी अधूरी या गलत है, तो आप उसमें तुरंत सुधार कर सकते हैं।
वैसे तो साइबर जगत में ब्रिटानिका, अमेरिकाना और एनकार्टा जैसे विश्वकोष भी उपलब्ध हैं, लेकिन वे सब विकिपीडिया की विशालता के आगे बहुत बौने लगते हैं। इसके अलावा, उनमें इस जैसी संपादन करने की छूट भी नहीं होती। यही इसकी वह खूबी है जिसने इसे इतना अधिक प्रसिद्ध बना दिया। यह अन्य विश्वकोषों से इस अर्थ में भी अलग है कि उनमें हर रोज संपादन संभव नहीं होता, लेकिन विकिपीडिया में यह कार्य सहज सुलभ है। इसका विकिपीडिया को बहुत लाभ मिलता है।
कुछ समय पहले एक बारह साल की स्कूली छात्रा ने एक विश्वप्रसिद्ध विश्वकोष में कई त्रुटियां निकालकर सबको हैरान कर दिया था। जिन्हें लंबे समय तक सुधारा भी नहीं जा सका था। विकिपीडिया में ऐसी गलतियों का सुधार तत्काल प्रभाव से किया जा सकता है।
तथ्यों के आईने में
विकिपीडिया चाहे तो अपने करोड़ों प्रयोगकर्ताओं की संख्या को भुनाते हुए आसानी से विज्ञापन पाकर मोटी कमाई कर सकता है, लेकिन यह विज्ञापन की राह पर कभी नहीं चला।
विकिपीडिया 260 से भी ज्यादा भाषाओं में लेख उपलब्ध करता है।
इसकी मुख्य भाषाओं में अंग्रेजी, जर्मन, फ्रेंच, पोलिश, जापानी, डच, स्वीडिश, इतालवी, पुर्तगाली और स्पैनिश शामिल हैं। अंग्रेजी के बाद इसका सबसे अधिक प्रयोग जर्मन (9 लाख 11 हजार), फ्रेंच (7 लाख 98 हजार), पोलिश (6 लाख), जापानी (5 लाख 87 हजार) भाषा में होता है।
इसके अंग्रेजी संस्करण में ही लगभग 30 लाख लेख विद्यमान हैं और सभी भाषाओं में करीब 1 करोड़, 30 लाख लेख।
जुलाई 2003 में हिन्दी विकिपीडिया की शुरुआत की गई थी। इसमें फिलहाल 52,298 लेखों पर काम किया जा रहा है। इसमें हिंदी समेत बंगला, कश्मीरी, पंजाबी, मराठी, गुजराती, उर्दू, पाली और संस्कृत आदि जैसी कई भारतीय भाषाओं को भी स्थान दिया गया है।
विश्वभर में एक लाख से भी अधिक सक्रिय स्वैच्छिक संपादक इसके लेखों में अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। जून, 2009 में 32 करोड़ 70 लाख लोगों ने इसे देखा।
विकिपीडिया को कई देशों से विभिन्न प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मान व पुरस्कार प्राप्त हैं। इसके अलावा बीबीसी न्युज, वाशिंगटन पोस्ट, द इकोनॉमिस्ट, न्यूज वीक, टाइम मैगजीन और रीडर्स-डाइजेस्ट जैसे मीडिया संस्थानों ने भी इसके कार्यों को सराहा है। टाइम मैगजीन ने तो विकिपीडिया के संस्थापक जिमी वेल्स को वर्ष 2006 के विश्व के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक बताया था।