90 करोड़ लोगों को खतरा
इंटरनेट एक्सप्लोरर असुरक्षित
न्यूयॉर्क। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि इंटरनेट एक्सप्लोरर में एक भारी सुरक्षा कमी की वजह से 90 करोड़ लोगों की निजी जानकारी खतरे में है। एक अत्यंत गंभीर श्रेणी की सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि इस सुरक्षा कमी की वजह से विंडोज के सभी ऑपरेटिंग सिस्टम्स खतरे में हैं।
इस सुरक्षा कमी की वजह से दुनियाभर में इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे लोगों की निजी गोपनीय जानकारी चुराई जा सकती है और उनके कम्प्यूटर का नियंत्रण भी किसी और के हाथ में जा सकता है। इनमें विंडोज एक्सपी, विंडोज विस्टा, विंडोज 7, विंडोज सर्वर 2003 और विंडोज सर्वर 2008 भी शामिल हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने ये भी कहा है कि अन्य वेब ब्राउजर जैसे फायरफॉक्स, गूगल क्रोम और सफारी इस खतरे से सुरक्षित हैं।
कंपनी का कहना है कि वो अभी तक इस सुरक्षा कमी को हटाने में कामयाबी नहीं हासिल कर पाए हैं, लेकिन उन्होंने एक फिक्ट इट-सुरक्षा कवच जारी किया है, जो हैकिंग की कोशिशों को रोक सकेगा।
सभी विंडोज इस्तेमाल करने वालों, खासकर वो जो इंटरनेट एक्सप्लोरर का इस्तेमाल कर रहे हैं, से कंपनी ने अनुरोध किया है कि वो उनकी वेबसाइट से इस सुरक्षा पैच या कवच को डाउनलोड कर लें, जब तक कंपनी स्थायी रूप से इसकी तोड़ नहीं ढूंढ लेती।
कंपनी ने इसे सुरक्षा पर गंभीर खतरा बताया है, लेकिन ये भी कहा है कि अभी तक हैकर्स शायद इस कमी का फायदा उठा नहीं पाए हैं। माइक्रोसॉफ्ट की एक प्रवक्ता के अनुसार इस सुरक्षा कमी की वजह से इंटरनेट यूजर्स को असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट्स पर भेजा जा सकता है और ईमेल और पासवर्ड चुराए जा सकते हैं।