Publish Date: Sat, 07 Jan 2017 (17:42 IST)
Updated Date: Sat, 07 Jan 2017 (17:47 IST)
नई दिल्ली। डिजिटल लेन-देन के लिए सरकारी 'एप भीम' को अब तक 50 लाख लोग डाउनलोड कर चुके हैं।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी की 2 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतिम दिन बैठक में पारित आर्थिक प्रस्ताव की जानकारी देने के लिए बुलाए गए सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में बताया कि भारत इंटरफेस फॉर मनी (भीम) एप को आधारकार्ड से जोड़ा गया है।
उन्होंने इसे क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे सभी लेन-देन सामने जाएगा और आयकर वसूलना आसान होगा। अभी मात्र 24 लाख लोग ही अपनी आय सालाना 10 लाख रुपए से ज्यादा दिखाते हैं। सीतारमण ने कहा कि 'भीम एप' को डाउनलोड करना और इस्तेमाल करना बहुत ही आसान है। यह सभी भारतीय भाषाओं में होगा और बगैर इंटरनेट के काम करेगा।
इससे पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पारित आर्थिक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस नववर्ष की शुरुआत में देश के सर्वसमाज के लिए समर्पित 'भीम' को लांच किया है। यह बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के संकल्पों को पूरा करने में सार्थक सिद्ध होगा। (वार्ता)