Publish Date: Wed, 24 Jun 2026 (17:25 IST)
Updated Date: Wed, 24 Jun 2026 (17:31 IST)
अगर आपके पास किसी बड़े अधिकारी, बॉस, सरकारी विभाग या कंपनी के नाम से WhatsApp या ईमेल पर कोई जरूरी संदेश आता है, तो सतर्क हो जाइए। गृह मंत्रालय (MHA) ने देशभर के नागरिकों और संस्थानों को तेजी से बढ़ रहे एक नए साइबर फ्रॉड 'बॉस स्कैम' (Boss Scam) को लेकर चेतावनी जारी की है।
सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, साइबर अपराधी वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव्स, सीईओ और आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग भरोसेमंद व्यक्ति या संस्थान बनकर WhatsApp और ईमेल के जरिए मैसेज भेजते हैं और फिर लोगों के डिवाइस में खतरनाक मालवेयर इंस्टॉल कर देते हैं।
क्या है Boss Scam?
इस स्कैम में साइबर अपराधी किसी वरिष्ठ अधिकारी, बॉस, सरकारी एजेंसी या प्रतिष्ठित संस्था की पहचान का इस्तेमाल करते हैं। पीड़ित को ऐसा संदेश भेजा जाता है जो देखने में पूरी तरह असली लगता है। मैसेज में अक्सर कोई फाइल डाउनलोड करने या अटैचमेंट खोलने के लिए कहा जाता है। जैसे ही यूजर उस फाइल को खोलता है, उसके डिवाइस में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता है।
साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे ठग लोगों की जल्दबाजी, भरोसे और घबराहट का फायदा उठाते हैं। इसलिए कोई भी फाइल खोलने, लिंक पर क्लिक करने या पैसा भेजने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े वित्तीय नुकसान और डेटा चोरी से बचा सकती है।
इन फाइलों से रहें सावधान
अगर किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से आपको ये फाइलें मिलती हैं, तो उन्हें बिल्कुल न खोलें-
.zip
.exe
.dll
ये फाइलें आपके कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल में वायरस या मालवेयर इंस्टॉल कर सकती हैं।
क्या-क्या नुकसान हो सकता है?
गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने बताया है कि मालवेयर इंस्टॉल होने के बाद साइबर अपराधी:
-
आपका WhatsApp अकाउंट अपने कब्जे में ले सकते हैं।
-
WhatsApp Web का एक्सेस हासिल कर सकते हैं।
-
बैंकिंग और पेमेंट सिस्टम तक पहुंच बना सकते हैं।
-
आपकी निजी बातचीत पढ़ सकते हैं।
-
संवेदनशील दस्तावेज और कॉर्पोरेट डेटा चुरा सकते हैं।
-
बिना अनुमति के वित्तीय लेनदेन कर सकते हैं।
-
बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दे सकते हैं।
-
कैसे बचें Boss Scam से?
I4C ने नागरिकों और संस्थानों के लिए कुछ जरूरी सुरक्षा उपाय बताए हैं:
-
किसी भी संदिग्ध ईमेल या लिंक पर क्लिक न करें।
-
अटैचमेंट डाउनलोड करने से पहले भेजने वाले की पहचान जरूर सत्यापित करें।
-
सरकारी विभाग या नियामक संस्था के नाम से आए संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें।
-
मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट में एंटीवायरस एवं सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।
-
WhatsApp Web की Active Sessions नियमित रूप से जांचें।
-
किसी भी अनजान डिवाइस को तुरंत लॉगआउट करें।
-
पैसे ट्रांसफर करने या वित्तीय मंजूरी से जुड़े किसी भी जरूरी अनुरोध की फोन कॉल या व्यक्तिगत रूप से पुष्टि करें। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें