Publish Date: Sat, 15 Jul 2017 (23:19 IST)
Updated Date: Sat, 15 Jul 2017 (23:26 IST)
नई दिल्ली। यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए रेलवे ने नया एप 'सारथी' लांच किया है। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इस एप को लांच किया। भारतीय रेलवे ने तैयार किया है। इस एप से रेल यात्रियों की सभी जरूरतें पूरी हो सकती हैं।
एप में मिलेगी यह सुविधा : सारथी एक ऐसा एप जो रेलवे से जुड़ी तमाम सेवाओं में काम आएगा। इस एप में टिकट बुकिंग, इंक्वायरी से लेकर फ्लाइट बुकिंग और खाना ऑर्डर करने तक की सर्विसेज मिलेंगी। सारथी एक ऐसा एप है, जिससे आप रेल टिकट बुक करा पाएंगे, पूछताछ कर पाएंगे और शिकायत भी दर्ज करा पाएंगे। इस एप के लांच के साथ ही अब आप रेलवे से जुड़ी हर तरह की बुकिंग कर पाएंगे। इससे टिकट, खाना, टैक्सी, कुली, वेटिंग रूम, व्हील चेयर और आईआरसीटीसी एयर बुकिंग भी कर सकते हैं।
इस एप के जरिए आप अनारक्षित कैटेगरी के टिकट भी बुक कर सकते हैं। इससे पहले यात्रियों को अलग-अलग सर्विस के लिए अलग-अलग एप यूज करने पड़ते थे। एप को गूगल प्ले-स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। सारथी को एंड्रॉएड प्लेटफार्म पर लांच किया गया है, लेकिन जल्द ही इसे विंडोज और आईओएस पर भी लांच किया जाएगा।
इसी एप पर पीएनआर स्टेटस चेक किया जा सकता है। लाइव ट्रेन स्टेटस भी इस एप पर देख सकते हैं। अब आपको अलग से 182 हेल्पलाइन पर फोन करने की जरूरत नहीं है। सुरक्षा से जुड़े किसी भी विषय के लिए आप इस एप का प्रयोग कर सकते हैं। इसी तरह जिन सामान्य शिकायतों के लिए आप 138 नंबर को डायल करते थे। उसमें अब ये एप मददगार साबित होगा।