हिन्दी ट्रांसलेटाथॉन : गूगल ट्रांसलेट की मदद करें और इनाम जीतें
, सोमवार, 10 नवंबर 2014 (20:22 IST)
गूगल ने अनुवाद की गुणवत्ता और उसे आसान बनाने के लिए अनूठी मुहिम शुरू की है। लोग इस मुहिम में शामिल होकर न सिर्फ अपनी भाषा की सेवा कर सकते हैं, बल्कि आकर्षक इनाम भी जीत सकते हैं।
जीवन में ऑनलाइन के बढ़ते दखल के कारण आज अंग्रेजी भाषा हमारे लिए आवश्यकता बन गई है। हो सकता है कि आने वाली पीढ़ी में भी बहुत से इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले लोगों अंग्रेजी का पर्याप्त ज्ञान न हो। गूगल ट्रासंलेटर इन्हीं लोगों के लिए इंटरनेट के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए हिन्दी सहित अन्य दूसरी भाषाओं के अनुवाद में कड़ी मेहनत कर रहा है।
क्या आप अपने अंग्रेजी और हिन्दी ज्ञान को एक बेहतर और सुदढ़ अनुवाद उत्पाद बनाने के लिए इस्तेमाल करना चाहेंगे? गूगल ट्रांसलेट में आपके लिए यह मौका है। 6 नवंबर से 21 नवंबर 2014 तक आप गूगल ट्रांसलेट कम्यूनिटी के लिए शब्दों के अनुवाद और छोटे वाक्य भेज सकते हैं। अनुवाद भेजने वाले पहले 101 अनुवादक एक एन्ड्रॉयड वन फोन जीत सकते हैं।
गूगल की इस मुहिम में अपनी हिस्सेदारी और भाषा के लिए अपना योगदान देने के लिए ट्रांसलेट डॉट गूगल/कम्यूनिटी/हिन्दी पर लॉगिन कर सकते हैं।
क्या है गूगल ट्रांसलेट कम्यूनिटी : गूगल ट्रांसलेट कम्यूनिटी भाषा से लगाव रखने वाले भाषा प्रेमियों और वॉलेंटियर्स के लिए एक ऐसा मंच है जहां वे अपनी भाषा के अनुवाद की गुणवत्ता सुधारने के लिए अपना योगदान दे सकते हैं। गूगल ट्रांसलेट कम्यूनिटी में स्थानीय भाषा बोलने वाले लोगों की मदद की भी आवश्यकता होती है, जिससे कि उस भाषा को बेहतर ढंग से पेश किया जा सके।
आप भी कर सकते हैं योगदान : अपनी भाषा के लिए प्रतिबद्धता रखने वाले लोग गूगल ट्रांसलेट कम्यूनिटी में अपना योगदना दे सकते हैं साथ ही आकर्षक इनाम भी जीत सकते हैं। आप नीचे लिखे बिन्दुओं के आधार पर अपना योगदान दे सकते हैं।
अनुवाद : आप अपनी भाषा के शब्दों का अनुवाद कर सकते हैं।
रेटिंग : अनुवाद की गुणवत्ता के अनुसार रेटिंग दी जा सकती है।
प्रमाणीकरण (वेलिडेशन) : अनुवाद रेटिंग पर हां या ना।
तुलना : बेहतर गुणवत्ता के अनुवाद का उदाहरण सहित उल्लेख।
क्या है इस अभियान का मकसद : मशीनी अनुवाद के बारे में अक्सर यह कहा जाता है कि संदर्भ के बिना अनुवाद करना बेहद कठिन काम है और अगर संदर्भ सामने हो तो अनुवाद करना रोचक और आसान बन जाता है। इसी को आधार बनाकर गूगल ट्रांसलेट कम्यूनिटी में लोगों से वह अनुवाद भेजने को कहा जा रहा है जो वे गूगल ट्रासंलेट में सबसे पहले देखना चाहते हैं। इस तरह वे अपनी भाषा की गुणवत्ता बढ़ाने में अपना योगदान दे सकते हैं।