Publish Date: Thu, 03 Mar 2011 (11:12 IST)
Updated Date: Thu, 03 Mar 2011 (11:11 IST)
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने वाली दिग्गज कंपनी एप्पल के प्रमुख स्टीव जॉब्स ने कंपनी के लोकप्रिय टैबलेट कंप्यूटर आईपैड का नया संस्करण आईपैड-2 पेश किया है जो पहले आइपैड के मुकाबले पतला और हल्का है।
आईपैड-2 की बिक्री अमेरिका में 11 मार्च से शुरू होगी। जनवरी से ही चिकित्सा अवकाश पर चल रहे जॉब्स ने सैन फ्रांसिस्को में एक कार्यक्रम में अचानक उपस्थित होकर सबको चौंका दिया।
उन्होंने कहा कि हम कुछ समय से इस उत्पाद पर काम कर रहे थे, इसलिए मैं आज का दिन गँवाना नहीं चाहता था।
नया आइपैड काले और सफेद रंग में उपलब्ध होगा और इसकी कीमत भी आईपैड के पहले संस्करण की कीमत के समान (499 से 829 डॉलर के बीच) होगी।
उन्होंने बताया कि आईपैड-2 का निर्यात मेक्सिको, न्यूजीलैंड और स्पेन समेत 26 देशों को किया जाएगा और 25 मार्च से यह इन देशों में उपलब्ध होगा। नए संस्करण में आगे और पीछे दो कैमरे लगे हैं।
इसके अलावा, आईपैड का नया संस्करण एप्पल द्वारा विकसित एक नए चिप से लैस है, जिससे आईपैड-2 पहले संस्करण के मुकाबले दोगुनी गति से गणना करने में सक्षम है। यह 8.8 मिलीमीटर पतला है और इसका वजन 1.3 पाउंड है। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें