Publish Date: Wed, 03 Oct 2007 (12:14 IST)
Updated Date: Wed, 03 Oct 2007 (12:13 IST)
केंद्रीय कृषिमंत्री शरद पवार ने यहाँ किसानों के लिए मोबाइल सूचना सेवा 'रायटर्स मार्केट लाइट' का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पवार ने कहा कि सरकार ने किसानों को अपना उत्पादन किसी भी बाजार में जाकर बेचने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रतिबंध को हटा लिया है, जिससे अब किसान देश के किसी भी बाजार में अपने उत्पादन को अच्छे दाम में बेचने के लिए स्वतंत्र हैं।
पवार ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के कारण कृषि भूमि की निरतंर कमी हो रही है। इसका कारण बढ़ती जनसंख्या भी है, जिसके कारण लोगों के पास खेती कम होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि लगभग 82 प्रतिशत लोगों के पास लगभग डेढ़ से दो एकड़ खेती से अधिक नहीं है।
राज्य कृषि विपणन बोर्ड मंत्री हर्षवर्धन पाटिल ने कहा कि मोबाइल सूचना परियोजना अप्रैल 2007 में शुरू हुई, जिसके चलते लगभग 7500 किसान अपने उत्पाद को अच्छे दामों में बेच सके हैं।
उन्होंने कहा कि मोबाइल सूचना सेवा में सूचना और मौसम की भी जानकारी मिल सकेगी।
सूचना सेवा के लिए किसानों को एक महीने के 60 रु. और एक वर्ष के लिए 175 रु. भरना होंगे। राज्य कृषिमंत्री बाला साहब थोराट ने कहा कि किसानों को अपना उत्पाद सुरक्षित रखने के लिए केंद्र सरकार गोदाम उपलब्ध कराएगी। इससे किसान सही समय पर अच्छे दामों में अपना उत्पाद बेच सकेंगे।
रायटर्स के निदेशक रोजमेरी मार्टिन ने कहा कि आरएमएल आर्थिक संस्थानों, कॉरपोरेट और मीडिया को तेजी से सूचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।