राजनाथ बोले, झामुमो नीत गठबंधन है फुस्स पटाखा, भाजपा है शक्तिशाली रॉकेट
झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान
Publish Date: Tue, 05 Nov 2024 (16:39 IST)
Updated Date: Tue, 05 Nov 2024 (16:46 IST)
Jharkhand Assembly Elections 2024: झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को दीपावली के फुस्स पटाखे करार देते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने मंगलवार को कहा कि भाजपा (BJP) एक शक्तिशाली रॉकेट (powerful rocket) है, जो झारखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। सिंह ने रांची के हटिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के प्रस्तावक रहे मंडल मुर्मू के झामुमो के डूबते जहाज को छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में कौन सरकार बनाएगा?
ALSO READ: झारखंड की सभा में मोदी का JMM गठबंधन पर निशाना, बताया घुसपैठिया समर्थक और माफिया का गुलाम
झामुमो, कांग्रेस और राजद दीपावली के फुस्स पटाखे : उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार अभी-अभी संपन्न हुआ है। झामुमो, कांग्रेस और राजद अब दीपावली के फुस्स पटाखे हैं। भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है, जो अकेले ही झारखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए सिंह ने कहा कि 'जेएमएम' (झामुमो) का मतलब जमकर मलाई मारो है।
ALSO READ: झारखंड में अमित शाह ने किया UCC का वादा, CM हेमंत सोरेन बोले- नहीं लागू होने दूंगा
उन्होंने लोगों से वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा को 2 कार्यकाल दीजिए, झारखंड विकसित राज्यों की कतार में होगा। सिंह ने कहा कि हम झारखंड में न सिर्फ सरकार बदलेंगे बल्कि व्यवस्था भी बदलेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर होगी। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta