Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गुरुत्वाकर्षण

Advertiesment
हमें फॉलो करें गुरुत्वाकर्षण
न्यूटन का नियम कहता है
हर चीज अपनी जगह से
हटने से इंकार करती है
क्रिया की प्रतिक्रिया के बाद ही
वह हटना स्वीकार करती है
गुरुत्वाकर्षण के कारण ही
धरती की चीजें और आदमी
अपने-अपने हिसाब से भारी है
हम सचमुच न्यूटन के आभारी हैं।
अँगरेजी के अक्षर 'जी' के कारण ही
धरती पर इंसान की कद्र है
हर नाम के पीछे 'जी' लगाया जाता है
वरना अंतरिक्ष में जहाँ 'जी'
का मान शून्य है,
इंसान को उँगली पर उठाया जाता है।
धरती पर इतराने वाले इस प्राणी को
वहाँ गुब्बारे-सा नचाया जाता है।
आदमी जब प्लेटफार्म पर
चलती ट्रेन से नीचे कूद जाता है
या फिर कार में बैठा व्यक्ति
अचानक ब्रेक लगने पर
आगे की ओर झुक जाता है
तब भी गति का नियम ही
अपना प्रभाव दिखा जाता है।
अरे मनुष्य तो गुरुत्वाकर्षण
से ही महान है
धन दौलत तो उसकी झूठी शान है।
- मनोज पांचाल, इंदौर

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi