हाथी। मुझे हाथी अच्छे लगते हैं।
हाथी। मुझे हाथी अच्छे लगते हैं।
मुझे अच्छा लगता है जब वे पेड़ों पर झूलते हैं...
नहीं, हाथी पेड़ों पर नहीं झूलते... वो तो शायद बंदर हैं!
बंदर। मुझे बंदर अच्छे लगते हैं।
मुझे अच्छा लगता है जब वे समुद्र में तैरते हैं।
क्या? उसे मछली कहते हैं?
मछली। तब मुझे मछली अच्छी लगती है।
मछली, हाँ मुझे मछली ही अच्छी लगती है।
मुझे अच्छा लगता है मक्खियों के पीछे उनका दौड़ना,
पेड़ों को सूँघते रहना और डाकिए पर भौंकना।
क्या कहा, ऐसा कुत्ते करते हैं?
सुनो, तब मुझे कुत्ते अच्छे लगते हैं।
वे जो दिनभर खिड़की पर बैठकर चूहे पकड़ते हैं
क्या कहा, उसे बिल्ली कहते हैं?
बिल्ली, तब मुझे बिल्ली अच्छी लगती है।
मुझे अच्छा लगता है जब वो कुक-डू-कू गाती है
मैं गलत हूँ? ऐसा मुर्गे गाते हैं?
मुर्गे, तब मुझे मुर्गे ही अच्छे लगते हैं।
मुझे अच्छा लगता है कि वे कैसे शहद के लिए
बिना डर के मधुमक्खी के छत्ते तक पहुँच जाते हैं
मुझे लगता है यह तो भालू करते हैं...
तब भालू, मुझे भालू अच्छे लगते हैं।
मैं देखती हूँ उन्हें कि कैसे वे कूद-कूदकर मक्खी पकड़ते हैं
और छोटे से डबरे के किनारे टर्र-टर्र करते हैं
अरे, उसे मेंढक कहते हैं?
तब मेंढक, मेंढक अच्छे लगते हैं।
वो, जो बिस्किट या दूसरी चीजों को लेकर
अपने बिल में छुप जाते हैं।
अरे, ऐसा चूहे करते हैं?
चूहे, मुझे तब चूहे ही अच्छे लगते हैं।
मुझे अच्छा लगता है जब वे हौंची-हौंची चिल्लाते हैं।
क्या, ऐसा तो गधे करते हैं?
गधे, तब तो मुझे गधे ही अच्छे लगते हैं।
मुझे अच्छा लगता है जब वे अपनी सूँड उठाए
जंगल में इधर-उधर घूमते रहते हैं।
क्या, उसे हाथी कहते हैं?
वही तो, वही तो मैं कहना चाहती हूँ कि
मुझे हाथी, हाथी ही अच्छे लगते हैं।
मैंने तो पहले ही कहा था
कि मुझे हाथी ही अच्छे लगते हैं
- इरिक हरमन और द इनविजिबल बैंड द्वारा रचित