Publish Date: Sun, 03 Dec 2017 (22:37 IST)
Updated Date: Sun, 03 Dec 2017 (22:43 IST)
लंदन। समुद्री स्पंज इंसानों और अन्य पशुओं के सबसे पुराने पूर्वज रहे होंगे। वैज्ञानिकों ने यह दावा किया है। उनके इस दावे से मानव विकास से जुड़ी जीव-विज्ञानी बहस सुलझती दिख रही है। जीन से जुड़े पिछले विश्लेषणों में इस बात को लेकर भ्रम रहता था कि समुद्री स्पंज हमारे सबसे पुराने पूर्वज हैं ‘कॉम्ब जेली’।
समुद्री स्पंज आदिम, बेतरतीब, अधिकतर समुद्री, पानी सोंखने वाले फिल्टर फीडर हैं जो खाद्य पदार्थों के कणों को छानने के लिए अपने मैट्रिक्स के माध्यम से पानी पंप करते हैं। स्पंज जानवरों में सबसे सरल हैं। ‘कॉम्ब जेली’ भी एक समुद्री जंतु है जिसका शरीर जेलिफिश जैसा होता है।
बहरहाल, ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल के शोधकर्ताओं की अगुवाई में हुए नए शोध में इस भ्रम की स्थिति के कारण की पहचान की गई और खुलासा किया गया कि स्पंज ही सबसे पुराने पूर्वज हैं। इन शोधकर्ताओं ने 2015 और 2017 के बीच जारी किए गए सभी प्रमुख जीनोमिक डेटासेटों का विश्लेषण किया था।
यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल के डेविड पिसानी ने बताया कि तथ्य यह है कि स्पंज या कॉम्ब जेली में से कौन पहले आया, इसके बारे में परिकल्पना तंत्रिका तंत्र एवं पाचन तंत्र प्रणाली जैसी प्रमुख जंतु प्रणालियों के विकास से जुड़े पूर्णत: अलग इतिहास की तरफ इंगित करता है।
पिसानी ने कहा कि लिहाजा, पशुओं के विकास क्रम की जड़ में शाखा के सही क्रम को जानना हमारे अपने विकास और पशुओं की शारीरिक संरचना के अहम पहलुओं के मूल रूप को समझने की बुनियादी जरूरत है। यह अध्ययन ‘करेंट बायोलॉजी’ नाम की पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। (भाषा)