Publish Date: Thu, 06 Jan 2011 (10:09 IST)
Updated Date: Thu, 06 Jan 2011 (10:08 IST)
अगर आपको लगता है कि सिर्फ आपके चेहरे की झुर्रियाँ अपकी उम्र बयाँ करती हैं तो आप गलत हैं। एक नए शोध के अनुसार आपके चेहरे की हड्डियों की बनावट भी आपकी उम्र बता सकती है।
उम्र के साथ चेहरे की हड्डियों में होने वाले बदलाव के बारे में वैज्ञानिकों ने पहले भी कई बार कहा है लेकिन ‘यूनिवर्सिटी ऑफ रोस्टर मेडिकल सेंटर’ ने हड्डियों में होने वाले बदलावों के बारे में विस्तार से अध्ययन किया है।
शोधकर्ताओं ने सीटी स्कैन का इस्तेमाल कर विभिन्न उम्र के लोगों के चेहरे की हड्डियों का अध्ययन किया। इसमें उन्होंने पाया कि महिलाओं और पुरुषों के चेहरे की हड्डियों में समय के साथ कई बदलाव होते हैं।
शोधकर्ताओं के अनुसार, हड्डियों में यह बदलाव चेहरे पर त्वचा और माँसपेशियों के तनाव को प्रभावित करते हैं। इससे लोग उम्रदराज दिखने लगते हैं।
‘लाइव साइंस’ की रिपोर्ट अनुसार, शोध के मुख्य शोधकर्ता और ‘यूआरएमसी’ में प्लास्टिक एण्ड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के प्रमुख हावर्ड लैंगस्टेन ने कहा कि अभी तक सभी डॉक्टरों को पढ़ाया जाता है कि चेहरे की नाजुक पेशियों के सिकुड़ने के कारण चेहरे पर उम्र का असर दिखने लगता है। हमें पता था कि उम्र के साथ हड्डियों में बदलाव होते हैं, मगर किसी हद तक यह हम नहीं जानते थे।
शोध के लिए 60 महिला और 60 पुरुषों का सीटी स्कैन किया गया। उन्होंने पाया कि उम्र के साथ ही आँख के नीचे के गड्ढे की लंबाई-चौड़ाई बढ़ जाती है। दोनों भवों के बीच की दूरी घट जाती है। निचले जबड़े की लंबाई-चौड़ाई कम हो जाती है। इसके अलावा भी हड्डियों में कई अन्य बदलाव होते हैं।
शोध में यह भी पता चला कि महिलाओं की हड्डियों में बदलाव पुरुषों के मुकाबले पहले होता है। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें