Publish Date: Sun, 06 Feb 2022 (21:14 IST)
Updated Date: Sun, 06 Feb 2022 (21:17 IST)
नई दिल्ली। महान गायिका लता मंगेशकर के जीवन में 8 अंक का काफी महत्व रहा था और आंकड़ों में यह बात स्पष्ट नजर आती है। लता मंगेशकर का आज 92 साल की उम्र में निधन हो गया।
क्रिकेट के आंकड़ेबाज श्रीकांत पोद्दार ने बेंगलुरु से फोन पर लताजी के जीवन और 8 अंक से उनकी नजदीकी के बारे में बताया। श्रीकांत ने बताया कि उनके जीवन में अंक 8 कई जगह पर मिलता है। लता जी का जन्म 28 सितम्बर को हुआ था। वे 8 जनवरी को अस्पताल गई थीं और 28 दिन अस्पताल में रही थीं।
उनका छह फरवरी को निधन हुआ यानी 6 और 2 को जोड़े तो आठ बनता है। उन्होंने 35 भाषाओं में गाने गाए, जिसका जोड़ भी 8 है। श्रीकांत ने बताया कि लताजी का बचपन का नाम हेमा था जो अंग्रेजी के एच से शुरू होता है और एच अंग्रेजी वर्णमाला का आठवां अक्षर है।
वह आठ दशक से गायन से जुड़ी रही। वह आज सुबह 8 बजकर 12 मिनट पर हम सभी को छोड़कर चली गईं। लताजी के नाम में अक्षर ल से लय और ता से ताल यानी कि वो हमेशा लय और ताल में थीं। लताजी के नाम को अंग्रेजी में लिखे लता को देखेंगे एल अंग्रेजी वर्णमाला का 12वां अक्षर है जबकि ए पहला, टी बीसवां और ए पहला।
इस तरह देखें 12+1+20+1=34 और 3+4=7 यानी इनके नाम में ही संगीत के सात सुर थे। अंत में यह बात है कि लता के एल को शुरू से उठाकर अंत में रख दें तो बनेगा अटल, इस प्रकार लताजी का नाम हमेशा अटल रहेगा।(वार्ता)