Publish Date: Sun, 15 Oct 2017 (08:53 IST)
Updated Date: Sun, 15 Oct 2017 (08:57 IST)
वाशिंगटन। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रविवार को कहा कि भारत ने सही समय पर संरचनात्मक सुधार किए हैं और इससे आने वाले समय में देश को फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी सहित कुछ अहम सुधार देश की अर्थव्यवस्था के दीर्घकालिक फायदों के मद्देनजर किए गए और इसके फलस्वरूप भारत की विकास दर ऊंचाई की ओर जा रही है।
जेटली ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान भारतीय पत्रकारों के एक समूह से कहा, 'ऐसे समय में जब विश्व की विकास दर ढाई फीसदी के आसपास है, भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्था है। यह सुधारों के लिए सही समय है। आपको चीजों को पटरी पर लाने के लिए मंदी का इंतजार नहीं करना पड़ा।'
जेटली ने कहा कि मेरे ख्याल से संरचनात्मक सुधार के लिए यह सही समय है। वित्त मंत्री ने नोटबंदी को भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताने वाले लोगों पर निशाना साधा। (भाषा)