Publish Date: Thu, 18 Jul 2019 (16:16 IST)
Updated Date: Thu, 18 Jul 2019 (16:27 IST)
नई दिल्ली। भविष्य में कीमतें और बढ़ने की आशंका में दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की मांग में तेजी रही और यह 170 रुपए चढ़कर 35,670 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 910 रुपए की बड़ी छलांग लगाकर करीब 5 महीने के उच्चतम स्तर 41,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।
वैश्विक स्तर पर पीली धातु में नरमी रही। सोना हाजिर 5.17 डॉलर टूटकर 1,421.05 डॉलर प्रति औंस रह गया। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा एक डॉलर की गिरावट में 1,422.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि गत दिवस की तेजी के बाद आज बाजार में मुनाफाखोरी हावी रही। इससे सोने में नरमी देखी गई है। इसका परिदृश्य हालांकि अभी मजबूत बना हुआ है।
बुधवार को एक समय सोना हाजिर 2 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। विदेशों में चांदी में तेजी रही और यह 0.11 डॉलर चमककर 16.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।