Publish Date: Tue, 16 May 2017 (17:28 IST)
Updated Date: Tue, 16 May 2017 (17:29 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में रही तेजी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार के नई बुलंदी पर पहुंचने से मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 30 रुपए टूटकर 28,600 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि औद्योगिक मांग में सुधार से चांदी की चमक 400 रुपए बढ़ती हुई 38,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले माह की बैठक में ब्याज दर बढ़ाए जाने की संभावना कम होने से निवेशकों का रुझान सोने में बढ़ गया है और दुनिया में अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में आई गिरावट से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों स्तरों पर पीली धातु की कीमतों पर असर पड़ा है।
कारोबारियों का कहना है कि वैवाहिक सीजन होने के कारण सोने की खुदरा जेवराती मांग बनी हुई है, लेकिन शेयर बाजार के नए शिखर पर पहुंचने से पीली धातु पर दबाव बढ़ गया है। हालांकि डॉलर की गिरावट ने सोने को अधिक टूटने से बचा लिया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हाजिर 3.25 डॉलर की बढ़त के साथ 1,234.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 3.60 डॉलर की तेजी के साथ 1,233.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी हाजिर भी 0.09 डॉलर की तेजी के साथ 16.71 डॉलर प्रति औंस बोली गई। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Tue, 16 May 2017 (17:28 IST)
Updated Date: Tue, 16 May 2017 (17:29 IST)