Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

सोने ने लगाई 900 रुपए की छलांग

हमें फॉलो करें सोने ने लगाई 900 रुपए की छलांग
, बुधवार, 9 नवंबर 2016 (16:42 IST)
नई दिल्ली। कालेधन पर अंकुश के उपायों तथा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद मजबूत वैश्विक रुख के बीच यहां सोना 900 रुपए की छलांग के साथ 3 साल के  उच्चस्तर 31,750 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
 
सरकार ने कालेधन पर अंकुश के लिए मंगलवार को 500 और 1,000 रुपए के नोट को बंद करने की घोषणा की थी। यह सोने का 19 नवंबर 2013 के बाद सर्वोच्च बंद स्तर है। उस दिन  सोना 31,820 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था।
 
दिल्ली के सर्राफा कारोबारी राकेश आनंद ने कहा कि सर्राफा की मांग को प्रोत्साहन मिला है।  जिन लोगों के पास अधिक नकदी है, वे इसका सोने जैसे सुरक्षित विकल्प में निवेश कर रहे हैं।  इसके अलावा कारोबार के दौरान रुपए के 23 पैसे की गिरावट के साथ 66.85 रुपए प्रति डॉलर  के स्तर पर आने से डॉलर में कोट की जाने वाली बहुमूल्य धातु महंगी हो गई। भारत घरेलू  मांग को पूरा करने के लिए भारी मात्रा में सोने का आयात करता है।
 
अमेरिका में चुनाव में हिलेरी क्लिंटन पर ट्रंप की जीत के बाद वैश्विक बाजार में सोना करीब 5  प्रतिशत की छलांग लगा गया। यह 5 सप्ताह में इसकी सबसे तेज बढ़त है। निवेशक शेयर  बाजारों से पैसा निकालकर सर्राफा में लगा रहे हैं जिससे सोने में तेजी आई।
 
सिंगापुर में सोना 4.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,337.38 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।  जून के बाद यह सोने में दिन में कारोबार की सबसे ऊंची बढ़त है। चांदी भी 1,150 रुपए की  लंबी छलांग के साथ 45,000 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर गई। (भाषा)


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

‍वित्तमंत्री अरुण जेटली की प्रेस कॉन्फ्रेंस (लाइव)