Publish Date: Wed, 13 Sep 2017 (15:30 IST)
Updated Date: Wed, 13 Sep 2017 (15:32 IST)
नई दिल्ली। त्योहारों से पहले स्थानीय जेवराती मांग आने से बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए चमककर 31 हजार रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 200 रुपए चमककर 41,850 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में मामूली तेजी रही। सोना हाजिर 1.35 डॉलर बढ़कर 1,232.95 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 5.1 डॉलर की तेजी के साथ 1,337.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु में तेजी आई है। डॉलर के कमजोर पड़ने से दूसरी मुद्राओं वाले देशों के लिए इसका आयात सस्ता हो जाता है। इससे मांग बढ़ने से सोने के दाम बढ़े हैं। चांदी में भी तेजी रही। चांदी हाजिर 0.06 डॉलर चमककर 17.91 डॉलर प्रति डॉलर पर पहुंच गई। (वार्ता)