Publish Date: Wed, 12 Oct 2016 (17:18 IST)
Updated Date: Wed, 12 Oct 2016 (17:21 IST)
नई दिल्ली। देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी जेट एयरवेज ने त्योहारी मौसम में यात्रियों को चुनिंदा मार्गों पर सस्ते टिकट का ऑफर दिया है। कंपनी ने बुधवार को बताया कि यह ऑफर 12 से 17 अक्टूबर के बीच बुक कराए गए टिकटों पर भारत से चलने वाली फ्लाइटों के लिए 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध होगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ऑफर किसी भी तिथि की यात्रा के लिए मान्य है जबकि घरेलू उड़ानों के लिए यह 30 अक्टूबर या उससे बाद की यात्रा के मान्य होगा। यह एक तरफ की यात्रा या रिटर्न जर्नी दोनों के लिए मान्य होगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए प्रीमियर तथा इकोनॉमी क्लास दोनों के यात्री इसका लाभ उठा पाएंगे। घरेलू यात्रा के लिए यह ऑफर सिर्फ इकोनॉमी क्लास की टिकटों के लिए है। इसमें देहरादून से दिल्ली के लिए 365 रुपए, हैदराबाद से चेन्नई के लिए 336 रुपए, मुंबई से अहमदाबाद के लिए 426 रुपए तथा बेंगलुरु से हैदराबाद के लिए 437 रुपए मूल किराया रखा गया है। (वार्ता)