Publish Date: Sun, 23 Nov 2014 (11:32 IST)
Updated Date: Sun, 23 Nov 2014 (11:36 IST)
नई दिल्ली। एसबीआई के सहयोगी बैंक बैकिंग क्षेत्र में अपनी पकड़ को और मजबूत बनाने तथा उपभोक्ताओं को अधिक बेहतर सेवाएं देने के लिए आने वाले महीनों में जमकर भर्तियां करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसबीआई के पांच सहयोगी बैंक अपने यहां लिपिक वर्ग में खाली पड़े पदों की आने वाले महीनों में भर्तिया करेंगे जिससे रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे। स्टेट बैंक ने इस वर्ष जुलाई-अगस्त के दौरान करीब 5500 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके सहयोगी बैंक अब 7644 लिपिकों की भर्तियां करने जा रहे हैं।
एसबीआई समूह के बैंकों ने इन भर्तियों के लिए सामूहिक रुप से विज्ञापन दिया है। सार्वजनिक क्षेत्र के अन्य बैंकों की तरह स्टेट बैंक और इस समूह के अन्य पांच बैंकों के समक्ष कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से कम हो रहे कर्मचारी और नेटवर्क विस्तार को देखते हुए नई नियुक्तियों की खासी जरुरत पड़ रही है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन धन योजना के तहत अगले वर्ष फरवरी तक साढ़े सात करोड़ बैंक खाते खोलने की योजना रखी है और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। प्रधानमंत्री के इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को कर्मचारियों की जरुरत पड़ेगी।
इन बैंकों में है इतनी रिक्तियां... अगले पन्ने पर...
कुल 7644 रिक्तियों में से स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद सबसे अधिक 2556 पद भरेगा। इसमें विकलांग और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित पद भी शामिल है। एसबीआई के अन्य सहयोगी बैंकों में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला 1541, स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर 1527, स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर ऐंड जयपुर 1188 और स्टेट बैंक ऑफ मैसूर 852 लिपिकों के रिक्त पदों को भरेगा।
इन पदों के लिए बैंक ने 20 नवंबर से ही ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया है, जो अगले नौ दिसंबर तक चलेगा। परीक्षाएं अगले वर्ष जनवरी या फरवरी में होने की उम्मीद है। अभ्यार्थी केवल एक बैंक और एक राज्य के लिए ही आवेदन कर सकेंगे और उनकी परीक्षा भी उसी राज्य में होगी।
चयनित उम्मीदवारों को मुंबई जैसे महानगरों में मौजूदा दर पर महंगाई व अन्य भत्तों समेत कुल 17500 रुपए वेतन मिलेगा। (वार्ता)