Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत होगा आर्थिक महाशक्ति-अंबानी

Advertiesment
हमें फॉलो करें भारत होगा आर्थिक महाशक्ति-अंबानी
मुंबई , शुक्रवार, 14 मई 2010 (17:42 IST)
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी का मानना है कि अगले दस साल में भारत दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था होगी। हालाँकि उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील कच्चे तेल के दाम के प्रति सतर्क करते हुए कहा कि जल्द ही कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच सकते हैं।

अंबानी ने शुक्रवार को उद्योग के एक सम्मेलन में कहा कि 2020 तक भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि 2020 तक भारत का आय-व्यय का ब्योरा दुनिया में सबसे मजबूत होगा। अगले दस साल में भारत का सकल घरेलू उत्पाद 1500 अरब डॉलर से 5000 अरब डॉलर पर पहुँच जाएगा और भारत दुनिया के आर्थिक दृष्टि से सबसे मजबूत देशों में होगा। बड़े अंबानी ने कहा कि यह सदी भारत की होगी। दुनिया के अन्य देशों से कारोबार भारत की ओर आ रहा है।

हालाँकि उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। भविष्य में कच्चे तेल के दाम तीन अंक में पहुँच सकते हैं। यहाँ यह उल्लेखनीय है कि कच्चे तेल के दाम बढ़ने से भारतीय अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पडता है। पेट्रोल, डीजल के दाम सरकारी नियंत्रण में होने के कारण सरकारी खजाने पर सब्सिडी को बोझ बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि रिफाइनिंग क्षमता की धीमी वृद्धि से कीमतों में बढ़ोतरी होगी। अंबानी ने कहा कि पेट्रोरसायन उद्योग को पुन:निवेश करना चाहिए।

मुकेश अंबानी ने कहा कि दुनिया की 40 फीसद आबादी भारत और चीन में होगी। भारत और चीन दोनों काफी माँग पैदा करेंगे और इन देशों में नई ऊँचाई पर पहुँच जाएगी। भारत में खपत बढ़ने से यह दुनिया का प्रमुख विनिर्माण हब बन जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह ऐसा समय है कि जब भारत जैसे विकासशील देश अपनी ऐसी क्षमताओं के बारे में जानेंगे, जिनका अभी तक दोहन नहीं हो सका है। अंबानी ने कहा कि यूरोप की साख पर असर डालने वाले ऋण संकट ने एक बार फिर दिखा दिया है कि एशिया के पास ज्यादा शक्तिशाली बनने की क्षमता है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi