sawan somwar

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

जेईई (एडवांस्ड) का परीक्षा परिणाम घोषित

Advertiesment
हमें फॉलो करें Career News
नई दिल्ली , रविवार, 12 जून 2016 (18:12 IST)
नई दिल्ली। प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और दूसरे शीर्ष इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए ली जाने वाली इस साल की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (एडवांस्ड) के नतीजे रविवार को घोषित कर दिए गए जिसमें जयपुर के अमन बंसल ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरा स्थान यमुना नगर के भावेश ढींगरा ने जबकि तीसरा स्थान जयपुर के ही कुणाल गोयल को मिला।
 
बेहद प्रतिस्पर्धी इस परीक्षा के आधार पर प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और दूसरे शीर्ष इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला दिया जाता है। जेईई की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 1,55,948 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था और 36,566 ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें से 31,996 लड़के हैं जबकि 4,570 लड़कियां हैं। कोटा की रिया सिंह ने लड़कियों में पहला स्थान हासिल किया। उसे 133वां स्थान मिला।
 
इस साल परीक्षा आईआईटी गुवाहाटी ने आयोजित की थी। परीक्षा के आधार पर 23 आईआईटी में सीटें दी जाएंगी। इनमें 4 नए आईआईटी शामिल हैं।
 
आईआईटी के अलावा इस परीक्षा के आधार पर रायबरेली के राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आईजीआईपीटी), विशाखापट्टनम के भारतीय पेट्रोलियम एवं ऊर्जा संस्थान (आईआईपीई) और तिरुवनंतपुरम के भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएसटी) जैसे दूसरे संस्थानों में दाखिला दिया जाता है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

कांग्रेस ने लगाया राज्‍यसभा चुनाव में 'साजिश' का आरोप