Publish Date: Thu, 03 Dec 2015 (18:36 IST)
Updated Date: Thu, 03 Dec 2015 (18:41 IST)
हैदराबाद। आईटी कंपनियों के प्रमुख संगठन नास्कॉम का अनुमान है कि इस साल आईटी कंपनियों की नियुक्तियां 2.75 लाख के आंकड़े पर रह सकती हैं। वहीं इस दौरान कुल उद्योग 20 अरब डॉलर बढ़ेगा।
नास्कॉम के चेयरमैन बी वी आर मोहन रेड्डी ने कहा कि कारोबार 12 से 13 प्रतिशत बढ़ेगा। हमें इसका भरोसा है। यह इस बात पर निर्भर है कि डॉलर और रुपया कहां जाता है। नियुक्तियां 2,75,000 रहेंगी।
उन्होंने कहा, 'यदि आप पिछले वर्षों से तुलना करें तो इस साल हम अपने राजस्व में 20 अरब डॉलर अतरिक्त जोड़ेंगे। पिछले साल हमने सिर्फ 16 अरब डालर जोड़े थे।'
इससे पहले रेड्डी ने जून में संकेत दिया था कि इस साल नियुक्तियां 2.3 लाख रहेंगी। उनके अनुसार पिछले साल आईटी और सेवा क्षेत्रों का राजस्व 148 अरब डॉलर पर पहुंच गया। (भाषा)