Publish Date: Mon, 07 Dec 2015 (23:29 IST)
Updated Date: Mon, 07 Dec 2015 (23:31 IST)
नई दिल्ली। निजी क्षेत्र की प्रमुख बीमा कंपनी रिलायंस लाइफ ने अपने वितरण नेटवर्क की विस्तार रणनीति के तहत अगले तीन महीनों में 5,000 बीमा परामर्शक और करीब 2,000 बिक्री कर्मचारी नियुक्त करने की योजना बनाई है। कंपनी ने हाल के महीनों में करीब 15,000 बीमा परामर्शक नियुक्त किए हैं और योजना के मुताबिक नियुक्ति गतिविधियों से मार्च 2016 में समाप्त हो रहे मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान नियुक्त एजेंटों की संख्या बढ़कर 20,000 हो जाएगी।
इसके अलावा अगले तीन महीनों में हर चैनल में करीब 2,000 बिक्री करने वाले कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य एजेंसी अधिकारी मनोरंजन साहू ने कहा कि हमने पिछले कुछ महीनों में 15,000 बीमा परामर्शक नियुक्त किए हैं और चालू वित्त वर्ष के अंत तक 5,000 और परामर्शक नियुक्त किए जाएंगे ताकि अपनी पहुंच बढ़ाई जा सके।
इससे हमारा वितरण नेटवर्क मजबूत होगा और नए ग्राहक बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम बीमा परामर्शक नियुक्त करने और देशभर में मौजूदा परामर्शक नेटवर्क के विस्तार के लिए दूसरे और तीसरे दर्जे के शहर पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इन बीमा परामर्शकों की नियुक्ति के लिए हमारी नजर अर्धशहरी और ग्रामीण क्षेत्रों पर है। फिलहाल रिलायंस लाइफ (आरएलआईसी) में करीब 10,000 कर्मचारी और एक लाख से अधिक बीमा एजेंट हैं।
जेनपैक्ट करेगी 10 हजार नियुक्ति : बीपीओ सेवा प्रदाता जेनपैक्ट अगले वर्ष के अंत तक 10,000 से अधिक लोगों को नियुक्त करेगी। जेनपैक्ट के उपाध्यक्ष तथा प्रमुख (वित्तीय सेवा विश्लेषण) अमित भास्कर ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान अलग से बातचीत में कहा कि अगले साल 10,000 से अधिक नियुक्ति होगी।
इसमें से अकेले 3,000 हैदराबाद में होगी। पिछले कुछ साल में नियुक्ति लगभग इसी दायरे में हो रही है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में हम वित्त, एकाउंटिंग, लेन-देन प्रसंस्करण तथा प्रौद्योगिकी समेत अन्य क्षेत्र में नियुक्ति करेंगे। (भाषा)