Publish Date: Mon, 28 Sep 2015 (16:19 IST)
Updated Date: Mon, 28 Sep 2015 (16:25 IST)
नई दिल्ली। आधुनिक दौर में महिलाएं अपने जीवन में जिन सपनों को पूरा करने की चाहत रखती हैं, उस सूची में सबसे ऊपर यात्रा, करियर और धन का स्थान है जबकि वे रिश्तों को सबसे नीचे रखती हैं।
एक नए सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि पुरुष संबंधों को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य मानते हैं और इनके बाद यात्रा और धन का स्थान आता है। वे करियर को सबसे बाद में रखते हैं।
जिंजर होटल की ‘बकेट लिस्ट स्टडी 2015’ के परिणाम के अनुसार पुरुषों ने भरोसेमंद करियर और संतोषजनक जीवनशैली समेत परंपरागत मार्ग को चुना जबकि महिलाओं ने गैरपरंपरागत लक्ष्य एवं प्राथमिकताओं का चुनाव किया।
इस ऑनलाइन सर्वेक्षण में भारत के विभिन्न इलाकों ने 1146 लोगों ने भाग लिया। सपनों की इस सूची में 35 प्रतिशत महिलाओं ने यात्रा को पहला स्थान दिया। इसके बाद उन्होंने करियर, धन और संबंधों को चुना। पुरुषों ने संबंधों (32 प्रतिशत वोट) को पहला स्थान दिया और इसके बाद उन्होंने यात्रा, धन एवं करियर को चुना। (भाषा)