Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

आईपीएल नीलामी: सबसे महंगे बिके ग्लेन मैक्सवेल

Advertiesment
हमें फॉलो करें आईपीएल नीलामी
चेन्नई , रविवार, 3 फ़रवरी 2013 (20:06 IST)
PTI
ऑस्ट्रेलिया के उदीयमान ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इंडियन प्रीमियर लीग की खिलाड़ियों की नीलामी में आज यहां एक मिलियन डॉलर में बिकने वाले अकेले खिलाड़ी रहे। उनके अलावा कई अन्य अनजान खिलाड़ियों को भी मोटी रकम मिली जबकि कई स्टार खिलाड़ियों पर किसी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगाई।

24 वर्षीय मैक्सवेल को मुंबई इंडियन्स ने दस लाख डॉलर (5.3 करोड़ रुपए) में खरीदा। भारतीयों में ऑलराउंडर अभिषेक नायर, तेज गेंदबाज आरपी सिंह और जयदेव उनादकट को भी उम्मीद से अधिक धनराशि मिली। नीलामी में कुल 108 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था, जिनमें 37 खिलाड़ी विभिन्न टीमों से जुड़ने में कामयाब रहे।

फ्रेंचाइजी ने जिन खिलाड़ियों में अधिक दिलचस्पी नहीं दिखायी उनमें ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क और उनके पूर्ववर्ती रिकी पोंटिंग भी शामिल हैं। दोनों अपने आधार मूल्य चार लाख डॉलर (2.1 करोड़ रुपए) में बिके। पोंटिंग को मुंबई ने जबकि क्लार्क को पुणे वारियर्स ने खरीदा। इसके विपरीत मैक्सेवल को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिला जिसमें मुंबई ने हैदराबाद सनराइजर्स को पीछे छोड़ा।

मुंबई इंडियन्स की मालिक नीता अंबानी ने केवल 8 वनडे और 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले मैक्सवेल पर बड़ी धनराशि लगाने के बारे में कहा, ‘वह उदीयमान खिलाड़ी हैं। वह बल्लेबाजी कर सकते हैं, गेंदबाजी कर सकता हैं और मैं समझती हूं कि वह बेहतरीन क्षेत्ररक्षक हैं। हमने यहां आने से पहले कुछ खिलाड़ियों को अपने दिमाग में रखा था और वह उनमें से एक थे।

webdunia
PTI
अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला में खेल रहे मैक्सवेल पर जब बोली लग रही थी तो वह पर्थ में पहली गेंद पर बोल्ड हो गए। मैक्सवेल का आधार मूल्य दो लाख डॉलर था। घरेलू सत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुंबई के ऑलराउंडर अभिषेक नायर को पुणे वारियर्स ने छह लाख 75 हजार डॉलर (3.5 करोड़ रुपए) में खरीदा। उनका आधार मूल्य एक लाख डॉलर था।

जयदेव उनादकट और और पंकज सिंह भी अच्छा लाभ कमाने वालों में रहे। जयदेव को बेंगलुरु ने पांच लाख 25 हजार डॉलर (2.7 करोड़ रुपए) में और पंकज ने एक लाख 50 हजार डॉलर में खरीदा।

अभी तक केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर क्रिस्टोफर मौरिस का भाग्य भी नीलामी में खुला। उनका आधार मूल्य 20 हजार डॉलर था लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद उन्हें 6,25,000 डॉलर (तीन करोड़ 30 लाख रुपए) में खरीदा।

नीलामी आगे बढ़ने के साथ कुछ हैरतअंगेज नतीजे देखने को मिले। जैसे कि अजंता मेंडिस और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डर्क नानेस पर मोटी कीमतें लगाई गयी। मेंडिस को सात लाख 25 हजार डॉलर में पुणे वारियर्स ने अपना हिस्सा बनाया। उनका आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था। नानेस को छह लाख डॉलर में चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपनी टीम से जोड़ा।

नीलामी में खरीदारी की अजीबो-गरीब स्थिति आगे भी बनी रही। श्रीलंका के ऑफ स्पिनर सचित्रा सेनानायके को कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीन करोड़ 30 लाख रुपए में खरीदकर सभी को हैरान कर दिया। उनका आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था।

सबसे अधिक हैरानी तो ऑस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन को मिली कीमत से हुई। उनका आधार मूल्य दस हजार डॉलर था लेकिन पुणे वारियर्स ने उन्हें खरीदने के लिएसात लाख डॉलर (3.7 करोड़ रुपए) खर्च कर दिए। श्रीलंका के ऑलराउंडर तिषारा परेरा को हैदराबाद सनराइजर्स ने तीन करोड़ 50 लाख रुपए में खरीदा जबकि भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दो करोड़ दस लाख रुपए में अपनी टीम से जोड़ा।

आरपी सिंह का आधार मूल्य एक लाख डॉलर था और उन्होंने हाल में अच्छा प्रदर्शन भी नहीं किया है, इसलिए उन पर इतनी बड़ी बोली लगना हैरानी भरा रहा। एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज मनप्रीत गोनी को किंग्स इलेवन पंजाब ने पांच लाख डॉलर (2.6 करोड़ रुपए) में खरीदा।

दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर योहान बोथा को दिल्ली डेयरडेविल्स ने चार लाख 50 हजार डॉलर (2.3 करोड़ रुपए) में खरीदा। वेस्टइंडीज के कप्तान डेरेन सैमी की क्षमता का पूरा सम्मान किया किया। उनका आधार मूल्य एक लाख डॉलर था और सनराइजर्स ने उन्हें चार लाख 25 हजार डॉलर (दो करोड़ 25 लाख रुपए) में खरीदा।

आईपीएल के लिए खुद को न्यूजीलैंड टीम की तरफ से खेलने के लिए उपलब्ध नहीं रखने वाले जेसी राइडर दो लाख 60 हजार डॉलर (एक करोड़ 40 लाख रुपए) में दिल्ली डेयरडेविल्स से जुड़े। ऑस्ट्रेलिया के ही जेम्स फाकनर को भी अच्छी कीमत मिली। राजस्थान रायल्स ने उन्हें चार लाख डॉलर में खरीदा।

उनके हमवतन मोएसेस हेनरिक्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने तीन लाख डॉलर में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। फ्रेंचाइजी टीमों ने ऑलराउंडरों में अधिक दिलचस्पी दिखाई और इनमें से अधिकतर को अच्छी कीमत भी मिली लेकिन विकेटकीपरों में किसी की रुचि नहीं थी।

दक्षिण अफ्रीका के वर्नोन फिलैंडर और हर्शल गिब्स, वेस्टइंडीज के डेरेन ब्रावो, इंग्लैंड के रवि बोपारा, ऑस्ट्रेलिया के जेम्स होप्स, मैथ्यू वेड, डग बोलिंजर और टिम पेन, श्रीलंका के रंगना हेराथ तथा न्यूजीलैंड के स्काट स्टायरिस उन महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन पर कोई बोली नहीं लगी।

इस बार की नीलामी में केवल इस सत्र के लिए अनुबंध दिया जाएगा। अगले साल सभी खिलाड़ियों की नीलामी होगी। आईपीएल आयुक्त राजीव शुक्ला ने बाद में कहा, ‘हमने पारदर्शिता बनाए रखने की कोशिश की। मुझे नहीं लगता कि किसी को किसी से कोई शिकायत होगी।'

नौ फ्रैंचाइजी ने 11.89 मिलियन डॉलर खर्च किए। बेंगलुरु ने सर्वाधिक सात खिलाड़ी खरीदे। सनराइजर्स ने छह तथा चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियन्स ने पांच-पांच खिलाड़ी अपनी टीमों से जोड़े। पुणे वारियर्स ने चार, राजस्थान रायल्स और दिल्ली डेयरडेविल्स ने तीन-तीन तथा कोलकाता नाइटराइडर्स और किंग्स इलेवन पंजाब ने दो-दो खिलाड़ी खरीदे। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi