दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ शुक्रवार को जब पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट में अपनी टीम का नेतृत्व करने उतरेंगे तो वे टेस्ट इतिहास में 100 टेस्टों में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
स्मिथ ने अब से 10 वर्ष पहले 2003 विश्वकप के बाद शॉन पोलक के कप्तानी छोड़ने पर मात्र 22 वर्ष की उम्र में टीम की कप्तानी संभाली थी। उस समय तक स्मिथ सिर्फ नौ टेस्ट ही खेल पाए थे, लेकिन अब कप्तान के रूप में वे अपना 100वां टेस्ट खेलने जा रहे हैं।
स्मिथ से पहले तक ऑस्ट्रेलिया के एलन बार्डर ने सर्वाधिक 93 टेस्टों में अपनी टीम की कप्तानी की थी। स्मिथ उससे कई आगे निकल चुके हैं और कप्तानी का शतक पूरा करने जा रहे हैं। स्मिथ ने अब तक अपने 99 टेस्टों में 47 जीते हैं, 26 हारे हैं और 26 ड्रॉ खेले हैं।
विश्व की नंबर एक टेस्ट टीम दक्षिण अफ्रीका के करिश्माई ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने अपने कप्तान की इस उपलब्धि पर कहा, स्मिथ जो कीर्तिमान बनाने जा रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि कोई दूसरा खिलाड़ी जल्द ही उसके पास पहुंच पाएगा।
एक बेहतरीन कप्तान होने के साथ-साथ 31 वर्षीय स्मिथ एक शानदार ओपनर भी हैं। उन्होंने 107 टेस्टों में 49.28 के औसत से 8624 रन बनाए हैं जिनमें 26 शतक तथा 36 अर्धशतक शामिल हैं।
मौजूदा समय में सर्वाधिक टेस्टों में टीम की कप्तानी करने के मामले में स्मिथ का कोई नजदीकी प्रतिद्वंद्वी है तो वे भारतीय कप्तान महेद्रसिंह धोनी हैं जो अभी तक 43 टेस्टो में ही भारत की कप्तानी कर पाए हैं।
सर्वाधिक टेस्टों में अब तक कप्तानी करने वाले शीर्ष पांच खिलाड़ी इस प्रकार हैं- ग्रीम स्मिथ (दक्षिण अफ्रीका 99 टेस्ट, एलन बार्डर ऑस्ट्रेलिया 93 टेस्ट, स्टीफंन फ्लेमिंग न्यूजीलैंड 80 टेस्ट, रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया 77 टेस्ट और क्लाइव लायड वेस्टइंडीज 74 टेस्ट। (वार्ता)