तेंडुलकर की कप्तानी से मुंबई इंडियन्स को मदद
जोहानसबर्ग , बुधवार, 11 अगस्त 2010 (15:14 IST)
जीन पॉल डुमिनी का मानना है कि कप्तान सचिन तेंडुलकर में अपने साथियों को उनके स्तर से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करने की क्षमता है और दक्षिण अफ्रीका में अगले महीने चैम्पियन्स लीग टी-20 टूर्नामेंट के दौरान यह मुंबई इंडियन्स के अभियान पर गहरा प्रभाव डालेगा।डुमिनी ने कहा कि अगर तेंडुलकर इस साल इंडियन प्रीमियर लीग के अपने प्रदर्शन को जारी रखते हैं तो मुंबई इंडियन्स खिताब जीत सकती है।यहाँ चैम्पियन्स लीग के लांच समारोह के इतर डुमिनी ने कहा कि बेशक तेंडुलकर टीम की अगुआई करते हैं और इससे टीम का मनोबल बढ़ता है। वह काफी प्रेरक और असाधारण कप्तान हैं। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो अन्य के प्रदर्शन में भी 20 प्रतिशत का सुधार होता है। उन्होंने कहा कि सचिन सभी खिलाड़ियों की मदद करते हैं और वह सभी खिलाड़ियों को साथ लेकर चलते हैं। मुझे उनका साथ पसंद है और हम बल्लेबाजी और क्रिकेट की अन्य चीजों पर चर्चा करते हैं। (भाषा)