द्रविड़ के जबड़े में हेयरलाइन फ्रेक्चर
मीरपुर , सोमवार, 25 जनवरी 2010 (19:40 IST)
भारत के अनुभवी बल्लेबाज राहुल द्रविड़ आज दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन तीसरे सत्र में शहादत हुसैन की गेंद पर गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल उन्हें स्थानीय स्क्वेयर अस्पताल में ले जाया गया, जहाँ पता चला कि उनके जबड़े की हड्डी टूट गई है। द्रविड़ के जबड़े में हेयरलाइन फ्रेक्चर हुआ है। द्रविड़ स्क्वेयर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। डॉक्टर फजलुल हक ने बताया कि द्रविड़ अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। उम्मीद है कि उन्हें मंगलवार को छुट्टी दे दी जाएगी। आज जब द्रविड़ 29वाँ शतक लगाने के बाद सचिन तेंडुलकर के साथ भारत को एक बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे थे, तभी शहादत हुसैन की शॉर्ट पिच गेंद पर अपना संतुलन खो बठे। वे नीचे झुके लेकिन गेंद सीधे हेलमैट से टकरा गई। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि द्रविड़ खुद को बचा नहीं सके। समझा जाता है कि हेलमैट की ग्रिल का हिस्सा या गेंद का अंदरुनी भाग द्रविड़ के चेहरे को चोटिल कर गया, जिसकी वजह से उनके जबड़े की हड्डी टूट गई। गेंद में काफी गति थी और यही कारण रहा कि गेंद के हेलमैट से टकराते ही द्रविड़ तिलमिला उठे और इस चोट की वजह से उन्हें 111 रनों के निजी स्कोर पर मैदान छोड़ना पड़ा। राहुल का स्थान लेने के लिए मुरली विजय मैदान पर उतरे। भारतीय टीम के लिए एक झटका यह भी है कि युवराज सिंह घायल हैं। उनकी अँगुली के बीच चोट है, जिसका ढाका के ही अपोलो अस्पताल में एमआरआई किया जाएगा। (वेबदुनिया न्यूज)