Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मैक्सवेल पर मोटी कीमत लगाना सही : कुंबले

Advertiesment
हमें फॉलो करें ग्लेन मैक्सवेल
चेन्नई , रविवार, 3 फ़रवरी 2013 (16:36 IST)
FILE
मुंबई इंडियंस ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को रविवार को आईपीएल नीलामी के दौरान 10 लाख डॉलर (लगभग 5.30 करोड़ रुपए) में खरीदने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अच्छी खरीद है और वे उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके लिए फ्रेंचाइजी ने पूर्व में योजना बनाई थी।

मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी ने कहा कि वे उदीयमान खिलाड़ी हैं। वे बल्लेबाजी कर सकते हैं, गेंदबाजी कर सकते हैं और मैं समझती हूं कि वे बेहतरीन क्षेत्ररक्षक हैं। हमने यहां आने से पहले कुछ खिलाड़ियों को अपने दिमाग में रखा था और वे उनमें से एक थे।

मुंबई के मेंटर अनिल कुंबले भी मैक्सवेल को टीम से जोड़कर उत्साहित थे। उन्होंने कहा कि एक उदीयमान खिलाड़ी के लिए यह बड़ी बात है। वे आकर्षक खिलाड़ी और हमारे लिए अच्छी खरीद हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए पदार्पण करने से पहले से मैं उन्हें जानता हूं। वे ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ टेस्ट श्रृंखला खेलने के लिए भारत आएंगे।

मुंबई इंडियंस ने रिकी पोंटिंग को उनके आधार मूल्य 4 लाख डॉलर में खरीदा। अंबानी और कुंबले दोनों ने कहा कि यह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरक साबित होगा। अंबानी ने कहा कि हमारे पास अब रिकी और सचिन के रूप में दो महान खिलाड़ी हैं और दोनों टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरक होंगे।

कुंबले ने कहा कि पोंटिंग का टीम में होना अच्छा है। उन्हें काफी अनुभव है और इससे टीम में अंबाती रायुडु और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों को फायदा होगा।

नीलामी में खरीदारी की अजीबोगरीब स्थिति आगे भी बनी रही। श्रीलंका के ऑफ स्पिनर सचित्रा सेनानायके को कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीन करोड़ 30 लाख रुपए में खरीदकर सभी को हैरान कर दिया। उनका आधार मूल्य 50 हजार डॉलर था।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन कोल्टर का आधार मूल्य एक लाख डॉलर था लेकिन मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़कर उन्हें चार लाख 50 हजार डॉलर में खरीदा। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

सबसे अधिक हैरानी तो ऑस्ट्रेलिया के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन को मिली कीमत से हुई। उनका आधार मूल्य दस हजार डॉलर था लेकिन पुणे वारियर्स ने उन्हें खरीदने के लिए सात लाख डॉलर (3.7 करोड़ रुपए) खर्च कर दिए।

न्यूजीलैंड के अनुभवी स्कॉट स्टायरिस और जैकब ओरम, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज क्लाइंट मैके, आयरलैंड के बल्लेबाज केविन ओ ब्रायन, ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रेविस ब्रिट और श्रीलंका के ऑलराउंडर परवेज महरूफ को कोई खरीदार नहीं मिला। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi