वड़ोदरा। अभिषेक नायर की नाबाद 76 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर मुंबई ने पश्चिम क्षेत्र ट्वंटी-20 मुकाबले में सौराष्ट्र को बुधवार को 2 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हरा दिया। मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है और वह 12 अंकों के साथ तालिका में चोटी पर बनी हुई है।
सौराष्ट्र ने 6 विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। चेतेश्वर पुजारा ने 47, शैल्डन जैक्सन ने 30, राजदीप दरबार ने 37 और चिराग जानी ने नाबाद 32 रन ठोके। राजदीप ने 2 चौके और 2 छक्के उड़ाए जबकि जानी ने मात्र 10 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के उड़ाए। शार्दुल ठाकुर और प्रथमेश डाके ने 2-2 विकेट लिए।
मजबूत लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने एक समय अपने 4 विकेट 35 रन पर गंवा दिए थे लेकिन नायर ने मात्र 47 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 76 रन ठोककर मुंबई को जीत दिला दी।
नायर ने शशांक सिंह (नाबाद 47) के साथ 6ठे विकेट के लिए मात्र 7.2 ओवर में 102 रन की मैच विजई अविजित साझेदारी की। शशांक ने 22 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के लगाए। सौराष्ट्र को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। (वार्ता)