Publish Date: Sat, 06 May 2017 (14:33 IST)
Updated Date: Sat, 06 May 2017 (14:50 IST)
किंग्स इलेवन पंजाब के ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने कहा कि रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के खिलाफ 19 रनों की जीत से टीम का मनोबल बढ़ा है और वे इस लय को आईपीएल के आगामी मैचों में जारी रखना चाहेंगे। अक्षर ने 17 गेंदों में नाबाद 38 रनों की पारी खेलने के बाद 11 रन देकर 3 विकेट भी चटकाए जिससे आरसीबी की टीम 19 ओवरों में 119 रन पर ढेर हो गई।
अक्षर ने मैच के बाद कहा कि इससे मनोबल काफी बढ़ा है। यहां तक कि पिछले मैच में हमने अच्छी गेंदबाजी की। हमने तब टीम को 68 रन पर रोका। एक बार फिर कम स्कोर पर रोका। अब लय हमारे साथ है और आगामी मैचों में यह अधिक दिखेगी।
बाएं हाथ के इस स्पिनर ने कहा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम का विकेट धीमा और कम उछाल वाला था और सीधे बल्ले से खेलने पर रन बन रहे थे। अक्षर ने संदीप शर्मा की भी तारीफ की जिन्होंने 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। (भाषा)