Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 : भारत 'दबंग जीत' के साथ सेमीफाइनल में

हमें फॉलो करें चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 : भारत 'दबंग जीत' के साथ सेमीफाइनल में
, रविवार, 11 जून 2017 (22:13 IST)
जीत के बाद अफ्रीकी खिलाड़ी विराट कोहली को बधाई देते हुए
लंदन। गत चैंपियन भारत ने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन और गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन (78) तथा कप्तान विराट कोहली (नाबाद 76) के दबंग अर्धशतकों से विश्व की नंबर एक टीम दक्षिण अफ्रीका को रविवार को आठ विकेट से रौंदकर शान के साथ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कदम रख दिया। 
         
भारत ने 'करो या मरो' के इस ग्रुप बी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को पूरी तरह धूल चटा दी। विश्व की नंबर दो टीम भारत ने शानदार गेंदबाजी और तीन बेहतरीन रन आउट से दक्षिण अफ्रीका को 44.3 ओवर में 191 रन पर निपटा दिया। टीम इंडिया के लिए लक्ष्य ज्यादा मुश्किल नहीं था और शिखर तथा विराट के अर्धशतकों ने इसे और भी आसान बना दिया। 
webdunia
         शिखर धवन का करिश्माई फार्म जारी, ठोंके 78 रन 
भारत ने 38 ओवर में दो विकेट पर 193 रन बनाकर आसान जीत अपने नाम की और सेमीफाइनल में पहुंच गया। भारत इस तरह सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गया। ग्रुप 'ए' से मेजबान इंग्लैंड और बांग्लादेश पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। चौथी सेमीफाइनलिस्ट का फैसला सोमवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच ग्रुप 'बी' के आखिरी मैच से होगा। भारत का ग्रुप 'बी' में शीर्ष पर रहना लगभग तय है और उसका सेमीफाइनल में बांग्लादेश के साथ मुकाबला हो सकता है। 
          
भारत को जीत के लिए 192 रनों का आसान लक्ष्य मिला था। ओपनर रोहित शर्मा (12) का विकेट 23 के स्कोर पर गिरने के बाद शिखर और विराट ने दूसरे विकेट के लिए 24.4 ओवर में 128 रन की शानदार साझेदारी कर भारत को जीत की राह पर डाल दिया। शिखर ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी करिश्माई फार्म जारी रखते लगातार तीसरा 50 प्लस का स्कोर बनाया। उन्होंने 83 गेंदों पर 78 रन में 12 चौके और एक छक्का उड़ाया।
                  
शिखर का विकेट 31वें ओवर की पहली गेंद पर टीम के 151 के स्कोर पर गिरा। उन्हें लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने आउट किया। विराट ने फिर युवराज सिंह के साथ भारत को 38 ओवर में जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। 
          
कप्तान विराट ने 101 गेंदों पर नाबाद 76 रन में सात चौके और एक छक्का लगाया। युवराज ने 25 गेंदों पर नाबाद 23 रन में एक चौका और एक छक्का जड़ा। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 7.5 ओवर में 42 रन की अविजित साझेदारी की। युवराज ने जेपी डुमिनी की गेंद पर विजयी छक्का मारा। दक्षिण अफ्रीका की टीम एक बार फिर चौकर्स साबित हुई और एक और आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर हो गई। 
webdunia
            'मैन ऑफ द मैच' जसप्रीत बुमराह : 28 रन पर दो विकेट
इससे पहले गेंदबाजों की दबंग गेंदबाजी और तीन शानदार रन आउट ने भारत का काम आसान कर दिया था। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ओवल मैदान पर टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़े। 
           
दक्षिण अफ्रीका एक समय दो विकेट पर 140 रन बनाकर मजबूत स्कोर की तरफ बढ़ रहा था कि तभी दो रनों के अंतराल में एबी डीविलियर्स और डेविड मिलर जैसे खतरनाक बल्लेबाजों के रन आउट होने ने उसपर ऐसा ब्रेक लगाया कि फिर दक्षिण अफ्रीकी टीम संभल नहीं पाई।
                     
दक्षिण अफ्रीका ने 51 रन के अंतराल में अपने आखिरी आठ विकेट गंवा दिये। इसका बहुत श्रेय भारतीय गेंदबाजों को जाता है जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पिछली हार से सबक लेते हुई कसी हुई गेंदबाजी की। भुवनेश्वर कुमार ने 23 रन पर दो विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 28 रन पर दो विकेट, इस मैच में वापसी करने वाले रविचंद्रन अश्विन ने 43 रन पर एक विकेट, हार्दिक पांड्या ने 52 रन पर एक विकेट और रवींद्र जडेजा ने 39 रन पर एक विकेट लिया।
                     
दक्षिण अफ्रीका ने विकेटों के बीच बेहद खराब रनिंग से अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने का काम भी किया। कप्तान डीविलियर्स 16, डेविड मिलर एक और आखिरी बल्लेबाज इमरान ताहिर एक रन बनाकर रन आउट हुए और दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 44.3 ओवर में सिमट गई।
          
क्विंटन डी कॉक (53) और हाशिम अमला (35) ने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.3 ओवर में 76 रन जोड़े। इस साझेदारी से ऐसा लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका बड़ा स्कोर बनाएगा। लेकिन आफ स्पिनर अश्विन ने अमला को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराकर भारत को मुकाबले में वापिस ला दिया। अमला ने 54 गेंदों की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया।
               
अश्विन पहले दो मैचों में अंतिम एकादश से बाहर थे और इस मैच में उन्हें तेज गेंदबाज उमेश यादव की जगह मौका दिया गया। पहला विकेट मिलने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। डी कॉक लेफ्ट आर्म स्पिनर जडेजा की गेंद पर मारने की कोशिश में बोल्ड हो गए। भारत के लिए यह बड़ा विकेट था। डी कॉक ने 72 गेंदों पर 53 रन में चार चौके लगाए।
                  
पिछले मैच में शून्य पर आउट होने वाले डीविलियर्स (16) को हार्दिक पांड्या के शानदार थ्रो पर धोनी ने रन आउट कर दिया। डेविड मिलर ने फॉफ डू प्लेसिस के चलते अपना विकेट गंवा दिया। दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर आ गए थे लेकिन डू प्लेसिस के पहले क्रीज में पहुंच जाने के कारण मिलर रन आउट हो गए। इन दो विकेटों ने दक्षिण अफ्रीका की हालत खराब कर दी।
                  
डू प्लेसिस 50 गेंदों में 36 रन बनाने के बाद पांड्या की गेंद पर बोल्ड हो गए। क्रिस मोरिस (4) का विकेट बुमराह ने झटक लिया। एंडिले फेहलुकवायो चार रन बनाने के बाद बुमराह की गेंद पर पगबाधा हो गए। भुवनेश्वर ने 43 वें ओवर में लगातार गेंदों पर कैगिसो रबादा (5) और मोर्न मोर्कल (0) को आउट कर दिया। ताहिर को कप्तान विराट ने अपने शानदार थ्रो से रन आउट किया और दक्षिण अफ्रीका की पारी 191 रन पर सिमट गई।


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

'लाल बादशाह' राफेलनडाल का 'परफेक्ट 10'