Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

चेतेश्‍वर पुजारा, रवींद्र जडेजा, मुरली विजय ग्रेड-ए में प्रमोट, सैलरी होगी 2 करोड़ रुपए

हमें फॉलो करें चेतेश्‍वर पुजारा, रवींद्र जडेजा, मुरली विजय ग्रेड-ए में प्रमोट, सैलरी होगी 2 करोड़ रुपए
, बुधवार, 22 मार्च 2017 (20:02 IST)
नई दिल्ली। दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बन गए रवींद्र जडेजा, विश्वसनीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और शानदार ओपनर मुरली विजय को उनके बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इन तीन खिलाड़ियों को अपने ए ग्रेड के अनुबंध में शामिल कर लिया है।
                         
बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों के लिए अनुबंध की घोषणा करते हुए बुधवार को कहा कि खिलाड़ियों की वार्षिक अनुबंध फीस में दोगुना वृद्धि कर दी गई है। अब ए ग्रेड के खिलाड़ियों को दो करोड़ रुपए, बी ग्रेड को एक करोड़ रुपए और सी ग्रेड को 50 लाख रुपए मिलेंगे, जबकि इससे पहले यह राशि क्रमश: एक करोड़, 50 लाख और 25 लाख रुपए थी।  
                
बीसीसीआई का प्रशासन चलाने के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) ने अपनी बैठक में पुरुष क्रिकेटरों के लिए 30 सितंबर 2017 तक समाप्त होने वाली अवधि तक अनुबंध की घोषणा कर दी। ए ग्रेड में मौजूदा कप्तान विराट कोहली, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धेानी, ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे, पुजारा, जडेजा और विजय शामिल हो गए हैं।  
 
भारतीय खिलाड़ियों के अनुबंध की पिछली सूची नवंबर 2015 में जारी हुई थी, तब उसमें विराट, धोनी, अश्विन और रहाणे सहित चार खिलाड़ी थे, लेकिन ये अनुबंध के खिलाड़ियों की संख्या सात पहुंच गई है। विजय और पुजारा को बी ग्रेड से तथा जडेजा को सी ग्रेड से ए ग्रेड में पहुंचाया गया है।
             
बी ग्रेड में रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, उमेश यादव, रिद्धिमान साहा, जसप्रीत बुमराह और युवराज सिंह को रखा गया है। सुरेश रैना, अंबाती रायुडू और शिखर धवन को बी ग्रेड से हटा दिया गया है, जबकि ओपनर लोकेश राहुल, विकेटकीपर बल्लेबाज साहा, ऑलराउंडर जसप्रीत बुमराह और सिक्सर किंग युवराज सिंह को बी ग्रेड में जगह दी गई है। 
          
साहा और राहुल पिछले अनुबंध में सी ग्रेड में थे, जबकि युवराज को अनुबंध में जगह नहीं मिली थी, लेकिन युवराज इस बार एक करोड़ के बी ग्रेड में पहुंच गए हैं। उभरते ऑलराउंडर बुमराह को भी अपने शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है और उन्होंने सीधे बी ग्रेड में जगह बनाई है।
             
बी ग्रेड में पिछली बार 10 खिलाड़ियों को जगह मिली थी, लेकिन इस बार यह संख्या नौ आ गई है। पिछले अनुबंध में सी ग्रेड में 12 खिलाड़ी शामिल थे, जबकि इस बार सी ग्रेड में 16 खिलाड़ियों को जगह दी गई है। शिखर धवन बी से सी ग्रेड में आ गए हैं, लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना की अनुबंध से ही छुट्टी हो गई है। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को भी अनुबंध से बाहर कर दिया गया है।  
           
सी ग्रेड में शामिल किए गए नए खिलाड़ियों में दिग्गज तेज गेंदबाज आशीष नेहरा, बल्लेबाज केदार जाधव, मनीष पांडे, करुण नायर, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, पार्थिव पटेल, जयंत यादव, मनदीप सिंह, शार्दुल ठाकुर और 19 साल के ॠषभ पंत शामिल हैं। 
       
पुरानी सूची से अमित मिश्रा, अक्षर पटेल और धवल कुलकर्णी ने सी ग्रेड में अपनी जगह कायम रखी है। स्टुअर्ट बिन्नी, मोहित शर्मा, वरुण आरोन, कर्ण शर्मा और श्रीनाथ अरविंद को भी ग्रेड सी से बाहर कर दिया गया है। 
         
पुरुष क्रिकेटरों के लिए एक अक्टूबर 2016 से बढ़ी हुई मैच फीस दी जाएगी। अब टेस्ट के लिए 15 लाख, वनडे के लिए छह लाख और ट्वंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए तीन लाख रुपए दिए जाएंगे।
         
इस बीच स्वर्गीय राजेश सावंत की पत्नी संध्या राजेश सावंत को 15 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया है। राजेश सावंत जब भारतीय अंडर 19 टीम के साथ आधिकारिक असाइनमेंट पर थे तो दुर्भाग्यवश उनका निधन हो गया था। भारतीय क्रिकेट के प्रति उनकी सेवाओं के लिए यह चेक उनकी पत्नी को दिया गया। 
        
अनुबंधित खिलाड़ियों के तीनों ग्रेड इस प्रकार हैं :          
ए ग्रेड- विराट कोहली, महेंद्र सिंह धेानी, रविचंद्रन अश्विन, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, रवींद्र जडेजा और मुरली विजय। 
        
बी ग्रेड- रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, उमेश यादव, रिद्धिमान साहा, जसप्रीत बुमराह और युवराज सिंह। 
       
सी ग्रेड- शिखर धवन, अंबाती रायुडू, अमित मिश्रा, आशीष नेहरा, केदार जाधव, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, करुण नायर, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, पार्थिव पटेल, जयंत यादव, मनदीप सिंह, धवल कुलकर्णी, शार्दुल ठाकुर और ॠषभ पंत।
(वार्ता)  
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

अनुराग ठाकुर के घर में होगा पहला 'टेस्ट'