Publish Date: Wed, 16 Aug 2017 (14:51 IST)
Updated Date: Wed, 16 Aug 2017 (14:54 IST)
सिडनी। एक अभ्यास मैच के दौरान गले पर बाउंसर लगने से घायल हुए ऑस्ट्रेलियाई उपकप्तान डेविड वॉर्नर के आगामी बांग्लादेश दौरे तक फिट होने की उम्मीद है।
सलामी बल्लेबाज वॉर्नर को मंगलवार को अभ्यास मैच के दौरान जोश हेजलवुड की गेंद लगी थी। चोट इतनी गहरी थी कि बल्ला उनके हाथ से छूट गया और वे घुटनों के बल बैठ गए।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की वेबसाइट क्रिकेट डॉटकॉमडॉटएयू ने कहा कि वॉर्नर फिटनेस टेस्ट में खरे उतरे हैं और बांग्लादेश दौरे पर जा सकेंगे। नवंबर 2014 में बल्लेबाज फिलीप ह्यूज को मैदान पर बाउंसर लगने और उनकी मौत से खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर अधिक एहतियात बरती जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई टीम का बांग्लादेश दौरा 27 अगस्त से शुरू होगा। (भाषा)