Publish Date: Thu, 05 Jan 2017 (11:20 IST)
Updated Date: Thu, 05 Jan 2017 (11:31 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय ने महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ करके हुए उन्हें सर्वकालिक महान कप्तानों में से एक करार दिया। धोनी ने बुधवार को भारत के सीमित ओवरों का कप्तान पद भी छोड़ दिया था।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने धोनी को किसी क्रिकेट टीम की अगुवाई करने वाला सर्वकालिक महान कप्तानों में से एक बताया। वान ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा कि यहां तक कि सर्वकालिक महान कप्तानों में से एक ने फैसला कर लिया कि अब बहुत हो चुका। शाबाश धोनी...! एक अविश्वसनीय कप्तानी दौर के लिए...!
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और 2015 में विश्व कप जीतने के बाद अपना पद छोड़ने वाले माइकल क्लार्क ने भी धोनी की जमकर तारीफ की और कहा कि वे अभी भारतीय क्रिकेट में अहम योगदान दे सकते हैं।
क्लार्क ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा कि धोनी को भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक के रूप में याद किया जाएगा। वे बेहतरीन इंसान हैं और अब भी भारतीय क्रिकेट में काफी योगदान दे सकते हैं। क्लार्क को लगता है कि विराट कोहली भारत की सीमित ओवरों की टीम की अगुवाई करने के लिए नैसर्गिक पसंद हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि मेरी राय में अब कोहली का समय है कि वे तीनों प्रारूपों में कप्तानी संभालें। वे सुपरस्टार हैं और चुनौती के लिए तैयार हैं। (भाषा)