Publish Date: Sat, 22 Aug 2015 (18:17 IST)
Updated Date: Sat, 22 Aug 2015 (18:20 IST)
भारतीय टीम के ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अभिनेत्री गीता बसरा के साथ शादी के संबंध में लगाए जा रहे कयासों को अब थाम लिया है। सूत्रों के मुताबिक हरभजन सिंह इस साल अक्टूबर माह में अपनी प्रेमिका गीता बसरा से शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
खबरों के मुताबिक हरभजन का विवाह समारोह इस साल 29 अक्टूबर को फगवाड़ा(जलंधर से 20 किमी दूर) के होटल कबाना में आयोजित किया जाएगा।
सूत्रों ने यह भी जानकारी दी है कि अगर हरभजन का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुनाव होता है तो तारीख में फेर बदल भी किया जा सकता है।
आजकल हरभजन सिंह भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं। उनके चचेरे भाई गुरप्रीत विकी ने कहा कि भज्जी की शादी के संबंध में और जानकारी उनके श्रीलंका दौरे से वापस आने के बाद बताई जाएंगी।
कबाना क्लब के सीनियर अधिकारियों ने बुकिंग होने के बारे में पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि हमारे होटल को एक समारोह के लिए बुक किया गया है, लेकिन इसके बारे में हम और जानकारी नहीं दे सकते क्योंकि हमसे गोपनीयता बनाए रखने के लिए कहा गया है।
सूत्रों ने यह भी बताया है कि शादी का निमंत्रण व अन्य तैयारियां हरभजन के श्रीलंका दौरे से वापस आ जाने के बाद निर्धारित की जाएंगी। उम्मीद की जा रही है कि उनकी शादी में फिल्म व क्रिकेट के जगत से कई मशहूर हस्तियां शरीक होंगी।