Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भारत 500वें टेस्ट में ऐतिहासिक जीत की दहलीज पर

हमें फॉलो करें भारत 500वें टेस्ट में ऐतिहासिक जीत की दहलीज पर
, रविवार, 25 सितम्बर 2016 (18:15 IST)
कानपुर। भारत ग्रीनपार्क में अपने 500वें टेस्ट में ऐतिहासिक जीत की दहलीज पर पहुंच गया  है। भारत ने अपनी दूसरी पारी 5 विकेट पर 377 रन पर घोषित कर न्यूजीलैंड के सामने पहले  क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन रविवार को 434 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा और दिन का खेल  समाप्त होने तक मेहमान टीम के 4 बल्लेबाज 93 रन के स्कोर तक निपटा दिए। 
 
ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने न्यूजीलैंड को इन 4 में से 3 झटके दिए और इसके साथ ही  उन्होंने अपने 200 विकेट भी पूरे कर लिए। न्यूजीलैंड को अभी 341 रन और बनाने हैं जबकि  भारत को अपने 500वें टेस्ट में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए 6 विकेट की और  जरूरत है। 
webdunia
अश्विन ने पहली पारी में 4 विकेट हासिल किए थे और दूसरी पारी में वे अब तक 3 विकेट ले  चुके हैं। उन्होंने चायकाल से पहले न्यूजीलैंड के दोनों ओपनरों मार्टिन गुप्टिल और टॉम लाथम  को निपटा दिया। अश्विन ने मार्टिन गुप्टिल को सिली पॉइंट पर मुरली विजय के हाथों कैच  कराया और इसी ओवर में टॉम लाथम को पगबाधा कर दिया। न्यूजीलैंड ने अपने दोनों विकेट  पारी के चौथे ओवर में गंवाए। गुप्टिल खाता नहीं खोल सके जबकि लाथम ने 2 रन बनाए।
 
भारतीय ऑफ स्पिनर ने चायकाल के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन (25) को  पगबाधा कर मेहमान टीम को करारा झटका दिया और अपने 200 विकेट पूरे किए। न्यूजीलैंड  का तीसरा विकेट 43 के स्कोर पर गिरा। न्यूजीलैंड अभी इस झटके से उबर भी नहीं पाया था  कि रॉस टेलर उमेश यादव के सीधे थ्रो पर रनआउट हो गए। टेलर ने 17 रन बनाए और  न्यूजीलैंड का चौथा विकेट 56 के स्कोर पर गिरा। 
 
ल्यूक रोंची और मिशेल सेंटनर ने इसके बाद संभलकर खेलते हुए दिन का शेष खेल बिना कोई  और नुकसान के निकाल दिया। स्टंप्स के समय रोंची 38 रन और सेंटनर 8 रन बनाकर नाबाद  थे। अश्विन ने 16 ओवर में 68 रन देकर 3 विकेट लिए। 
 
इससे पहले भारत ने मुरली विजय (76), चेतेश्वर पुजारा (78), अजिंक्य रहाणे (40), रोहित  शर्मा (नाबाद 68) और रवीन्द्र जडेजा (नाबाद 50) की शानदार पारियों के दम पर अपनी दूसरी  पारी चायकाल से पहले 5 विकेट पर 377 रन बनाकर घोषित कर दी। कप्तान विराट कोहली ने  जडेजा का अर्द्धशतक पूरा होते ही पारी घोषित की।
 
भारत ने सुबह 1 विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया। विजय ने 64 और पुजारा ने  50 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। विजय ने 170 गेंदों पर 76 रन में 8 चौके और 1  छक्का, पुजारा ने 152 गेंदों पर 78 रन में 10 चौके, रहाणे ने 81 गेंदों पर 40 रन में 4 चौके,  रोहित ने 93 गेंदों पर नाबाद 68 रन में 8 चौके और जडेजा ने 58 गेंदों में नाबाद 50 रन में  2 चौके और 3 छक्के उड़ाए।
 
भारत ने सुबह जब अपनी पारी को आगे बढ़ाया तो उसे दूसरा झटका 185 के स्कोर पर लगा।  विजय को लेफ्ट आर्म स्पिनर मिशेल सेंटनर ने पगबाधा कर दिया। कप्तान विराट कोहली दूसरी  पारी में भी नाकाम रहे। विराट 40 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 18 रन बनाने के बाद ऑफ  स्पिनर मार्क क्रैग का शिकार बन गए। विराट ने पहली पारी में 9 रन बनाए थे। भारत का  तीसरा विकेट 214 के स्कोर पर गिरा।
 
भारत के खाते में 14 रन और जुड़े थे कि पुजारा भी आउट हो गए। पुजारा ने लेग स्पिनर ईश  सोढ़ी की गेंद पर टेलर को कैच थमा दिया। भारत का चौथा विकेट 228 के स्कोर पर गिरा।  न्यूजीलैंड ने 43 रन के अंतराल में 3 विकेट लेकर मैच में वापसी करने की कोशिश की लेकिन  रहाणे और रोहित ने 5वें विकेट के लिए 49 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा  दिया।
 
रहाणे 40 रन बनाने के बाद सेंटनर की गेंद पर टेलर को कैच दे बैठे। भारत ने 5वां विकेट  277 के स्कोर पर गंवाया। इसके बाद रोहित और जडेजा ने 6ठे विकेट की अविजित साझेदारी  में 100 रन जोड़ डाले। रोहित ने अपनी पारी का 19वां रन बनाने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में  1,000 रन पूरे कर लिए। रोहित अपने 19वें टेस्ट में इस उपलब्धि पर पहुंचे।
 
रोहित ने अपना 5वां अर्द्धशतक बनाया जबकि जडेजा ने अपना दूसरा अर्द्धशतक पूरा किया।  जडेजा ने अपनी पारी में अपने तीनों छक्के सोढ़ी की गेंदों पर उड़ाए। जडेजा ने 1 रन लेकर  अपना अर्द्धशतक पूरा किया और बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। विराट ने  इसी समय भारत की दूसरी पारी 377 के स्कोर पर घोषित कर दी।
 
न्यूजीलैंड की तरफ से सेंटनर ने 32.2 ओवर में 79 रन पर 2 विकेट, सोढ़ी ने 20 ओवर में  99 रन पर 2 विकेट और क्रैग ने 23 ओवर में 80 रन पर 1 विकेट लिया। (वार्ता) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उमर अकमल की पाकिस्तान वनडे टीम में वापसी