Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

धोनी की आलोचना से भड़के फैन्स, ट्‍विटर पर निकाली भड़ास

हमें फॉलो करें धोनी की आलोचना से भड़के फैन्स, ट्‍विटर पर निकाली भड़ास
, रविवार, 9 अप्रैल 2017 (18:34 IST)
नई दिल्ली। राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका के भाई हर्ष गोयनका ने पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के खिलाफ विवादास्पद बयान देकर एक बार फिर इस बात को हवा दी है कि टीम के मालिक तथा धोनी के बीच संबंध मधुर नहीं हैं।
         
आईपीएल के 10वें संस्करण के लिए धोनी के स्थान पर स्टीवन स्मिथ को पुणे की टीम का कप्तान बनाए जाने पर तमाम विवाद उठा था कि आखिर धोनी ने अचानक कप्तानी क्यों छोड़ दी या स्मिथ को उनके स्थान पर कप्तान क्यों बनाया गया है और अब हर्ष गोयनका ने धोनी के खिलाफ बयान देकर धोनी के तमाम प्रशंसकों को एक बार फिर से नाराज कर दिया है। 
            
सत्र की शुरुआत में अपने पहले मैच में पुणे ने स्मिथ की कप्तानी पारी के दम पर मुंबई इंडियंस पर रोमांचक जीत दर्ज की थी। संजीव गोयनका के भाई हर्ष ने स्मिथ की प्रशंसा करते हुए ट्‍विटर पर कहा, स्मिथ ने दिखा दिया कि जंगल का राजा कौन है। यह पारी पूरी तरह धोनी पर भारी थी। यह एक नायाब कप्तानी पारी थी और दिखा दिया कि उन्हें कप्तान बनाए जाने का निर्णय सही था।
 
प्रशंसकों ने हर्ष के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। एक प्रशंसक ने लिखा, 'हर्ष आपको शर्म आनी चाहिए। धोनी जैसे महान खिलाड़ी के लिए आपको दिल में सम्मान रखना चाहिए। विदेशी खिलाड़ियों को लेकर अपने खिलाड़ियों का अपमान न करें।'
 
एक अन्य प्रशंसक ने लिखा, 'क्या आपका (हर्ष) दिमाग काम नहीं कर रहा है। खेल को छोड़कर आप तो पूरी तरह व्यवसायी हो गए। जब सबकुछ सही चल रहा है तो इस तरह के बयान देने का क्या औचित्य है।'
          
दूसरे प्रशंसक ने कहा, 'मिस्टर गोयनका हम आपकी टीम का समर्थन आपकी वजह से कतई नहीं करते हैं, बल्कि सिर्फ एक शख्स धोनी है जिसके खेल के हम दीवाने हैं और उन्हीं की वजह से हम टीम का अपार समर्थन करते हैं। यदि आज धोनी आपकी टीम से हट जाएं तो आप 80 फीसदी प्रशंसकों का समर्थन खो देंगे।' (वार्ता) 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आईपीएल में हैदराबाद सनराइजर्स को 136 रनों का लक्ष्य मिला