Publish Date: Mon, 20 Feb 2017 (16:58 IST)
Updated Date: Mon, 20 Feb 2017 (17:03 IST)
मेहनत से किसी भी क्षेत्र में बुलंदी को छुआ जा सकता है। यही बात नाथू सिंह ने साबित की है। नाथू सिंह तेज गेंदबाज हैं। नाथू सिंह को आईपीएल सीजन 10 की नीलामी में लायंस ने 50 लाख रुपए की बोली लगाकर खरीदा है। नाथूसिंह को आईपीएल-9 के नीलामी में 3.2 करोड़ रुपए की जबरदस्त कीमत मिली थी। उन्हें नीता अंबानी की टीम मुंबई इंडियंस ने खरीदा था।
राजस्थान क्रिकेट के उभरते सितारा नाथू सिंह जयपुर जिले का रहने वाले हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज मध्यम तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्राथ भी इस तेज गेंदबाजी के फैन हैं। एमआरएफ पेस फांउडेशन में अभ्यास सत्र के दौरान मैक्ग्राथ ने नाथू सिंह को गेंदबाजी करते देखा था तब वे उसकी रफ्तार से काफी प्रभावित हुए थे। उस समय उन्होंने कहा था की यह लड़का एक दिन भारतीय क्रिकेट में बड़ा नाम होगा।
नाथू के पिता भरत सिंह वायर फैक्टरी में मजदूरी करते थे और 7 हजार रुपए सैलरी मिलती थी। भरत पहले खेती करते थे, लेकिन जब खर्चे बढ़े तो फैक्टरी में नौकरी करने लगे। वे टिन शेड से बने दो कमरे के घर में अपना जीवन यापन कर करते थे। गली क्रिकेट खेलते हुए किसी ने कहा कि नाथू बहुत तेज बॉल फेंकता है उसे क्रिकेट सिखाना चाहिए। इसके बाद खुद ज्यादा क्रिकेट नहीं समझने वाले भरत सिंह ने बेटे की प्रतिभा को समझते हुए उसे आगे बढ़ाया।