Publish Date: Fri, 08 Nov 2019 (00:40 IST)
Updated Date: Fri, 08 Nov 2019 (01:08 IST)
नई दिल्ली। किंग्स इलेवन पंजाब को गुरुवार को रविचंद्रन अश्विन के बदले दिल्ली कैपिटल्स टीम से डेढ़ करोड़ रुपए और कर्नाटक के स्पिनर जगदीश सुचित मिले, जिससे आईपीएल लीग में इस भारतीय ऑफ स्पिनर के भविष्य को लेकर चल रही अटकलें भी समाप्त हो गईं।
सचित के अलावा किंग्स इलेवन ने अश्विन के बदले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को भी मांगा था लेकिन दिल्ली की टीम इसके लिए राजी नहीं हुई।
किंग्स इलेवन पंजाब के सह मालिक नेस वाडिया ने कहा, इस समझौते से सभी खुश हैं। हम खुश हैं, अश्विन खुश है और दिल्ली खुश है। हम तीन टीमों से बात कर रहे थे लेकिन अंतत: इस फैसले पर पहुंचे।
दिल्ली के अश्विन को 7 करोड़ 60 लाख रुपए का भुगतान किए जाने की उम्मीद है जिस राशि पर उनकी नीलामी हुई थी। आईपीएल स्थानांतरण विंडो के 14 नवंबर को बंद होने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।