Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बीसीसीआई ने पद्मभूषण के लिए धोनी का नाम भेजा

हमें फॉलो करें बीसीसीआई ने पद्मभूषण के लिए धोनी का नाम भेजा
, बुधवार, 20 सितम्बर 2017 (16:07 IST)
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का नाम देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मभूषण पुरस्कार के लिए भेजा है। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि बीसीसीआई ने पद्म सम्मान के लिए सर्वसम्मति से एक नाम भेजा है, जो कि भारत के सबसे सफल कप्तान का नाम है।
 
बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना ने कहा कि बोर्ड ने महेन्द्र सिंह धोनी का नाम पद्मभूषण सम्मान के लिए भेजा है। यह फैसला सदस्यों की सर्वसम्मति से हुआ। वह मौजूदा क्रिकेट के महानतम नामों में से एक है और बोर्ड के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प। धोनी भारत के इकलौते खिलाड़ी हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने 2 विश्व कप जीते हैं जिसमें 2007 में टी-20 विश्व कप और 2011 का एकदिवसीय विश्व कप शामिल है।
 
खन्ना ने कहा कि वे एकदिवसीय में 10,000 रन के करीब हैं और हमारे सबसे महानतम एकदिवसीय खिलाड़ी में से एक हैं। इस पुरस्कार के लिए उनसे अच्छा कोई नाम नहीं हो सकता था। 
 
अगर धोनी को यह खिताब मिलता है तो यह सम्मान पाने वाले वे देश के 11वें क्रिकेटर होंगे। इससे पहले यह सम्मान सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, चंदू बोर्डे, प्रो. डीबी देवधर, कर्नल सीके नायडू और लाला अमरनाथ के साथ-साथ पटियाला के राजा भलिंद्रा सिंह और विजयनगर के महाराज विजय आनंद को मिला है।
 
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16 शतक (एकदिवसीय में 10 और टेस्ट में 6) और 100 अर्द्धशतक लगाने वाले 36 वर्षीय धोनी ने अब तक 302 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 9,737 रन बनाए हैं जबकि 90 टेस्टों में उनके नाम 4,876 रन हैं। 
 
टी-20 अंतरराष्ट्रीय के 78 मैचों में धोनी के बल्ले से 1,212 रन निकले हैं। विकेट के पीछे भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने 584 (टेस्ट में 256, एकदिवसीय में 285 और टी-20 में 43) कैच लपकने के साथ 163 स्टंपिंग भी की है।
 
धोनी को पहले ही अर्जुन पुरस्कार, राजीव गांधी खेलरत्न और पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

वेस्टइंडीज की हार से श्रीलंका को मिला यह बड़ा तोहफा...