Publish Date: Wed, 20 Jan 2021 (20:52 IST)
Updated Date: Wed, 20 Jan 2021 (21:50 IST)
चेन्नई:आईपीएल के पिछले सत्र में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली टीम चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल 2021 सत्र के लिए अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना को रिटेन किया है जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को रिलीज कर दिया है।
रैना आईपीएल के 2020 सत्र में यूएई पहुंचने के बाद निजी कारणों का हवाला देकर स्वदेश लौट आये थे जबकि हरभजन निजी कारणों से यूएई ही नहीं गए। चेन्नई ने अपने छह खिलाड़ियों को रिलीज किया है जिनमें शेन वाटसन शामिल हैं जो हर तरह की क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
आईपीएल 2020 में कुल 14 मैचों में महेंद्र सिंह धोनी महज 200 रन बना पाए थे। उन्होने कुल 16 चौके और 7 छक्के लगाए थे। लचर प्रदर्शन के बाद भी फ्रेंचाइजी ने उनको एक मौका और देने का मन बनाया है। यही कारण है कि उन्हें आज रीटेन किया गया है।
धोनी के फीके प्रदर्शन के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि शायद आईपीएल 2021 के लिए चेन्नई उन्हें स्कॉड में नहीं रखेगा, और कप्तान के तौर पर तो बिल्कुल नहीं रखेगा। लेकिन चेन्नई ने न केवल उनको रीटेन किया बल्कि एक कप्तान के तौर पर वापस चेन्नई का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया। फिलहाल चेन्नई कप्तानी का दूसरा विकल्प ढूंढने के लिए कोई प्रयास नहीं करना चाहती।
रिलीज खिलाड़ी: केदार जाधव, हरभजन सिंह, शेन वाटसन, मोनू सिंह, पीयूष चावला, मुरली विजय
रिटेन खिलाड़ी: महेंद्र सिंह धोनी कप्तान, सुरेश रैना, अंबाटी रायुडू, केएम आसिफ, दीपक चाहर, ड्वेन ब्रावो, फाफ डू प्लेसिस, इमरान ताहिर, नारायण जगदीशन, कर्ण शर्मा, लुंगी एनगिदी, मिशेल सेंटनर, रवींद्र जडेजा, रुतुराज गायकवाड, शार्दुल ठाकुर, जोश हेजलवुड, आर साई किशोर, सैम करेन
शेष राशि: 22.9 करोड़ रुपये
रिक्त स्थान: 7 (1 विदेशी)
(वार्ता)