Publish Date: Mon, 29 Dec 2014 (00:39 IST)
Updated Date: Mon, 29 Dec 2014 (00:41 IST)
मेलबर्न। दायीं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क ने स्वीकार किया है कि वह शायद 14 फरवरी तक फिट नहीं पाएंगे, जब सहमेजबान ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा।
क्लार्क ने चैनल नाइन पर कैमेंटरी के दौरान कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह मेरे लिए वास्तविकता है कि मैं पहले मैच के लिए शत प्रतिशत फिट हो जाऊंगा लेकिन मुझे लगता है कि निश्चित तौर पर मैं विश्व कप के अधिकांश हिस्से के लिए फिट और उपलब्ध रहूंगा।’
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि विश्व कप के लिए चुने जाने वाले 15 खिलाड़ियों के साथ यह फायदा है कि अगर आप फिट नहीं हो तो आपको टूर्नामेंट से बाहर करके आपकी जगह किसी और को लाया जा सकता है। मुझे लगता है कि चयनकर्ता मुझे यह मौका देंगे।’ (भाषा)