Publish Date: Sat, 20 Feb 2021 (19:59 IST)
Updated Date: Sun, 21 Feb 2021 (13:48 IST)
जनवरी माह में राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2021 के सत्र के लिए अपने पिछले कप्तान और स्टार बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को रिलीज कर दिया था और संजू सैमसन को नया कप्तान बनाया था।
राजस्थान रॉयल्स ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी थी। स्मिथ का पिछले सत्र में बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था और स्मिथ ने अपनी कप्तानी में निराश भी किया था। साल 2018 में राजस्थान ने उनको 12.5 करोड़ में रीटेन किया था लेकिन फ्रैंचाइजी का मन उनके खराब प्रदर्शन से उब गया था।
हाल ही में संपन्न हुई आईपीएल नीलामी में स्टीव स्मिथ का नाम ग्लेन मैक्सवेल, जैसन रॉय समते सर्वाधिक बेस प्राइस की लिस्ट में शुमार था। उनका नाम भी नीलामी के शुरुआत में आ गया था। स्टीव को लगा कई फ्रैंचाइजी उनको लेना चाहेंगी।
लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर बोली लगाई और बोली वहीं रुक गई। 2 करोड़ 20 लाख में स्टीव स्मिथ जैसा बड़ा नाम दिल्ली की झोली में गिर गया। ब्रेक के दौरान दिल्ली के सहायक कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि यह दिल्ली का एक चतुर निर्णय था।
दिल्ली कैपिटल्स तो खुश हो गई लेकिन स्टीव स्मिथ को यह नहीं भाया होगा। कहां 3 साल पहले 12,5 करोड़ की रकम और कहां 2.20 करोड़। इस ही वाक्ये पर पूर्व ऑस्ट्लियन ऑलराउंडर माइकल क्लार्क ने एक बात कही है।
क्लार्क का कहना है कि स्टीव स्मिथ 2.20 करोड़ की राशि से नाखुश होकर आईपीएल 2021 से अपना पल्ला झाड़ सकते हैं। वह चोट का बहाना कर के अपनी फ्रैंचाइजी में ना खेलने का मन बना सकते हैं। यह क्लार्क का मानना है स्मिथ ने अगर ऐसा किया तो आगे आईपीएल फ्रैंचाइजी नीलामियों में उनसे दूरी बना सकती हैं।
गौरतलब है कि पूर्व राजस्थान रॉयल्स कप्तान स्टीव स्मिथ ने आईपीएल 2020 में 14 मैचों में 25 की औसत से सिर्फ 311 रन बनाए थे। इसका असर कप्तानी पर भी देखा गया था और राजस्थान अंक तालिका में सबसे नीचे की टीम रही थी। (वेबदुनिया डेस्क)