Publish Date: Fri, 15 Nov 2019 (18:32 IST)
Updated Date: Fri, 15 Nov 2019 (18:45 IST)
नई दिल्ली। 9 जुलाई में इंग्लैंड में आयोजित आईसीसी विश्व कप के सेमीफाइनल मैच (न्यूजीलैंड के खिलाफ) के बाद करीब 4 माह से क्रिकेट मैदान से दूर रहने के बाद जैसे ही पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अभ्यास करना प्रारंभ किया, वैसे ही लगा कि एक बार फिर वे टीम इंडिया के लिए उपलब्ध होंगे लेकिन इन संभावनाओं को बीसीसीआई ने नकार दिया है।
धोनी ने अपने गृहनगर रांची में नेट पर अभ्यास शुरू कर लिया है लेकिन इस करिश्माई पूर्व कप्तान के अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला में खेलने की संभावना नहीं है।
धोनी ने जुलाई में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है। उन्होंने गुरुवार को रांची में जेएससीए स्टेडियम में नेट पर अभ्यास कर वापसी की उम्मीद जगा दी है।
हालांकि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 दिसंबर से मुंबई में शुरू होने वाली 3 टी20 और इतने ही वनडे मैचों की श्रृंखला के लिए अनुपलब्ध ही रहेंगे। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, वह वेस्टइंडीज श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं हैं।