Publish Date: Sat, 02 Sep 2017 (18:28 IST)
Updated Date: Sat, 02 Sep 2017 (18:30 IST)
मुंबई। मुंबई और कर्नाटक के पूर्व रणजी ट्रॉफी क्रिकेटर शरद राव का यहां बीती रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। राव का प्रथम श्रेणी करियर 1980-81 से 1985-86 तक का रहा। उन्होंने इस दौरान 10 मैच खेले और 16 विकेट झटके, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 27 रन देकर 4 विकेट रहा था।
वे एकनाथ सोलकर की अगुवाई वाली बॉम्बे रणजी टीम का हिस्सा रहे थे जिसने बिशनसिंह बेदी की दिल्ली की टीम को 1980-81 फाइनल में हराकर ट्रॉफी जीती थी। राव राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कर्नाटक के लिए भी खेल चुके हैं और उन्होंने स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट में कर्नाटक स्पोर्टिंग एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व किया था। (भाषा)